सेमरौता पॉवर हाउस में विश्वकर्मा जयंती पर हवन पूजन करते ऊर्जा निगम के कर्मचारी।
- फोटो : सेमरौता पॉवर हाउस में विश्वकर्मा जयंती पर हवन पूजन करते ऊर्जा निगम के कर्मचारी।
अमेठी सिटी। भगवान विश्वकर्मा को सृष्टि के प्रथम शिल्पकार और देवताओं के वास्तुकार के रूप में पूजा गया। विश्वकर्मा पूजा विशेष रूप से औद्योगिक क्षेत्रों, कारखानों, इंजीनियरिंग कार्यशालाओं के साथ ही जगह-जगह आयोजित कार्यक्रमों में की गई। उपकरणों की पूजा कर कारीगरों ने भगवान विश्वकर्मा को नमन किया।
जिला मुख्यालय के विभिन्न कार्यालयों में भगवान विश्वकर्मा की पूजा की गई। आईटीआई गौरीगंज, पुलिस लाइन, रणंजय इंटर कॉलेज गौरीगंज में विधि विधान से पूजा हुई।
जगदीशपुर
औद्योगिक क्षेत्र सहित ग्रामीण क्षेत्रों में देव शिल्पी विश्वकर्मा का पूजन-अर्चन बुधवार को धूमधाम से वैदिक मंत्रोचार के साथ किया गया। औद्योगिक संस्थानों, वर्कशाप, मोटर गैरेज व अन्य कल कारखानों सहित मशीनरी स्टोरों में साफ-सफाई के बाद पूजा-अर्चना सुबह से ही शुरू हो गई।
सिंहपुर के अहोरवा भवानी, इन्हौंना, राजाफत्तेपुर, सेमरौता, शिवरतनगंज में लोगों ने घरों में भगवान विश्वकर्मा की पूजा की। शाहगढ़ में हवन पूजन के बाद प्रसाद वितरण किया गया। चंदौकी स्थित निजी संस्थान में भगवान विश्वकर्मा की जयंती मनाई गई। इस मौके पर दिनेश विश्वकर्मा, उमेश विश्वकर्मा, राजकुमार विश्वकर्मा, संतोष कुमार, भोला नाथ आदि मौजूद रहे। अमेठी
में जगह-जगह भगवान विश्वकर्मा की पूजा की गई। छोटे-बड़े कारखानों के साथ ही वर्कशॉप के कारीगरों ने उपकरणों की पूजा कर कार्य में प्रगति और खुद के सलामती की प्रार्थना की। संग्रामपुर
और भादर
में भी विश्वकर्मा पूजा को लेकर वर्कशाप बंद रहे और दुकानदारों ने विधिवत पूजा की।
सपाइयों ने मनाई विश्वकर्मा जयंती
अमेठी सिटी। सपा के गौरीगंज कार्यालय में विश्वकर्मा जयंती का आयोजन किया गया। कार्यकर्ताओं ने भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। जिला अध्यक्ष राम उदित यादव ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा को विश्व का पहला इंजीनियर और वास्तुकार माना जाता है। उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा स्रोत है। इस मौके पर जिला महासचिव अरशद अहमद, मुकेश विश्वकर्मा, जिला सचिव सुनील शर्मा, ललित सोनी, पवन विश्वकर्मा पार्टी के जिला प्रवक्ता राजेश मिश्र मौजूद रहे।