अमेठी सिटी। उचित दर विक्रेता (कोटेदार) अब उपभोक्ताओं को कम राशन तौल कर नहीं दे पाएंगे। अब कोटेदारों की ई-पॉश मशीन से ईडब्ल्यूएस (इलेक्ट्राॅनिक वेइंग स्केल) को जोड़ा जा रहा है। बृहस्पतिवार से पूर्ति विभाग ने कोटेदारों को मशीन संचालन का प्रशिक्षण शुरू किया है।
मुसाफिरखाना तहसील में बाजारशुुकुल व मुसाफिरखाना तो गौरीगंज तहसील में गौरीगंज व शाहगढ़ तथा तिलोई तहसील में सिंहपुर, तिलोई व बहादुरपुर के कोटेदारों को मास्टर ट्रेनरों ने प्रशिक्षित किया। डीएसओ नीलेश उत्पल ने कहा कि मशीन चलाने का तरीका आसान है। जिन उपभोक्ताओं का अंगूठा नहीं लग सकेगा उनकी आंख से पात्रता की जांच हो जाएगी।
मास्टर ट्रेनरों ने कोटेदारों को बताया कि अभी तक कोटेदार सिर्फ ई-पॉश मशीन के माध्यम से उपभोक्ताओं को राशन दे रहे थे, लेकिन इस मशीन से इलेक्ट्राॅनिक वेइंग स्केल को जोड़ दिया गया है। जब तक पूरे वजन का राशन नहीं होगा तब तक मशीन आगे नहीं बढ़ेगी। डीएसओ ने बताया कि शुक्रवार को जगदीशपुर, जामो के कोटदारों को संबंधित तहसील में तो अमेठी, संग्रामपुर, भेटुआ व भादर के कोटेदारों को प्रशिक्षित किया जाएगा।