फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amethi News: सीडीओ साहब की गाय खरीदनी है...

Sat, 06 Dec 2025 12:16 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
विज्ञापन
विज्ञापन
अमेठी। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी (सीवीओ) और उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी अमेठी के बीच ठनी रार में विभाग की पोल उजागर हो रही है। सीवीओ की बैठक और उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी अमेठी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जो जिले में चर्चा का विषय बना है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी इस वीडियो के सत्यता की पुष्टि नहीं करती है। इस वीडियो में एक अधिकारी कह रहे हैं कि सीडीओ साहब की गाय खरीदनी है, पहले वाली गाय पुरानी हो गई है।
विज्ञापन



जिले के मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. गोपाल कृष्ण शुक्ल पर लगे भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के गंभीर आरोपों का मामला तूल पकड़ रहा है। उप मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी डॉ. शिव ओम गंगवार के प्रमुख सचिव को भेजी गई शिकायत के बाद अब एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। चिकित्सक का आरोप है कि जिले के बड़े अधिकारियों का नाम लेकर पैसे की मांग की जाती है। कभी उनका कुत्ता खरीदना है तो कभी गाय। वायरल वीडियो में एक ऑफिसनुमा कमरे में कई लोग बैठे दिख रहे हैं और खुलेतौर पर पैसों का हिसाब-किताब किया जा रहा है। कुछ लोग हाथों में नोट भी पकड़े हुए नजर आ रहे हैं।


शिकायतकर्ता का दावा है कि वीडियो में सीवीओ की आवाज सुनाई देती है, जिसमें वह कहते हैं कि सीडीओ साहब की गाय खरीदनी है। पहले वाली गाय पुरानी हो गई है। इसके साथ ही वीडियो में डॉ. शिव ओम गंगवार व अन्य लोगों के बीच बहस होती हुई भी दिखाई व सुनाई दे रही है। शिकायतकर्ता इसे भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के आरोपों का प्रमाण बता रहे हैं। पहले दी गई शिकायत में कहा गया था कि अमेठी में तैनाती के बाद से सीवीओ की तरफ से पशु चिकित्सक से हर माह वसूली की जा रही है।
विज्ञापन



संविदाकर्मी के वेतन, विभागीय कार्य, वार्षिक प्रविष्टि और प्रशासनिक अधिकारियों के नाम पर छह हजार रुपये तक की अवैध उगाही के आरोप लगाए गए थे। पौधरोपण में फर्जी जियो-टैगिंग, संसाधनों का अभाव, ई-ऑफिस व आईजीआरएस कार्य प्रभावित होने और एक ही आदेश पर कई बिल बनाकर भुगतान कराने की शिकायत भी दर्ज है। डॉ. शिव ओम गंगवार ने मांग की है कि मामले में उच्च स्तरीय जांच कर सीवीओ को तत्काल निलंबित किया जाए, क्योंकि अभिलेखों में छेड़छाड़ की आशंका है। वायरल वीडियो के बाद मामले की संवेदनशीलता और बढ़ गई है। अब विभाग और जिले की नजरें शासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।


एडिट वीडियो वायरल कर रहे डाॅ. शिव ओम गंगवार
सीवीओ ने कहा कि 14 जुलाई को समीक्षा बैठक हुई थी। डाॅ. शिव ओम गंगवार पर लगे कई गंभीर आरोपों की जांच शासन व जिला स्तर से हो रही है। जांच प्रभावित करने के लिए बैठक के वीडियो में आवाज एडिट कर वायरल किया जा रहा है। कहा कि बैठक में सभी के सहयोग से जो खाना आदि पर खर्च हुआ था वही सभी अपने मन से दे रहे थे। कहा कि उन्होंने इसकी जानकारी डीएम को दी है, डीएम स्तर से भी जांच की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें