बाजार शुकुल (अमेठी)। पूरे नजर अली गांव निवासी एक राजमिस्त्री सोमवार रात काम से लौटकर घर आया और पति-पत्नी दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान पत्नी को पता चला कि उसका पति गेहूं बेचकर शराब लाया है। टोकने पर पति ने उसे लाठी से पीट-पीटकर मरणासन्न कर दिया। सीएचसी पहुंचने से पहले ही पत्नी ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया है।
परिवारीजन के मुताबिक राजमिस्त्री राजकुमार गौतम ने सोमवार को काम से घर लौटते समय जैनबगंज से शराब खरीदी थी। रात में उसने पत्नी प्रेमलता (40) के साथ बैठकर शराब पी। प्रेमलता ने गेहूं पिसवाने के लिए कहा था, लेकिन राजकुमार ने उसी गेहूं को बेचकर शराब खरीद ली थी। इसी बात पर प्रेमलता ने टोका तो बात बढ़ गई और गुस्से में आकर राजकुमार ने लाठी से प्रेमलता पर वार कर दिया। चीख सुनकर परिजन पहुंचे और प्रेमलता को तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि दंपती के बीच पहले भी विवाद होते रहते थे। प्रेमलता हाल ही में मायके से लौटी थी। मृतका के पिता और भाई दिल्ली में हैं। थानाध्यक्ष अभिनेष कुमार ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
उजड़ गया हंसता-खेलता परिवार
प्रेमलता की मौत के बाद उनका परिवार बिखर गया। पांच बच्चों से ममता की छांव छिन गई है। बेटे अमन और रमन, बेटियां कामिनी, सोमनी और कार्ती का रो-रोकर बुरा हाल है। पांचों बच्चों को दादी माया किसी तरह संभाल रही थी। माया ने कहा कि मना करते थे दोनों को, नशा मत करो...अब इन बच्चों का क्या होगा। रिश्तेदारों व ग्रामीणों के बीच सिर्फ एक ही बात की चर्चा थी कि नशे ने हंसते खेलते परिवार को उजाड़ दिया। मां की मौत हो गई और पिता पुलिस की हिरासत में है।