गौरीगंज-सैठा मार्ग पर ओवरब्रिज के नीचे बारिश से हुआ जलभराव। -संवाद
अमेठी सिटी। उमसभरी गर्मी के बीच सोमवार दोपहर अचानक मौसम बदला और 12 बजे के बाद अमेठी, गौरीगंज समेत जिले के कई हिस्सों में बारिश हुई। कुछ देर हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन इसके थमते ही उमस ने फिर बेहाल कर दिया। कई स्थानों पर सड़क और निचले इलाकों में पानी भर गया। इससे आवागमन करने में लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
सुबह बादलों की आवाजाही के बीच मौसम कुछ राहत भरा रहा। करीब नौ बजे धूप तेज हुई तो गर्मी बढ़ने लगी। दोपहर में बारिश के बाद थोड़ी राहत मिली, मगर बारिश थमते ही उमस बढ़ गई। घरों में पंखे और कूलर चलने के बावजूद राहत नहीं मिली। बाजारों और प्रमुख चौराहों पर भी दोपहर में आवाजाही प्रभावित रही।
गौरीगंज के दुकानदार राजेश अग्रवाल ने बताया कि बारिश के बाद दुकान के आसपास पानी जमा हो गया। उमस बढ़ने से बैठना मुश्किल हो रहा है और ग्राहक भी कम निकल रहे हैं। गृहिणी आशा ने कहा कि रात में भी उमस से राहत नहीं मिल रही। राहगीर शरद शुक्ल के मुताबिक थोड़ी देर बाहर निकलने पर ही कपड़े पसीने से भीग जाते हैं।
किसान हरिश्चंद्र और राम पियारे ने बताया कि खेत में काम के दौरान उमस के चलते बार-बार रुकना पड़ रहा है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि सोमवार को अधिकतम तापमान 37 और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहा। अगले 24 घंटे में हल्के बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है।