सिंहपुर दत्त हरेश्वर धाम में दर्शन-पूजन करते श्रद्धालु। -संवाद
अमेठी सिटी। सावन के अंतिम सोमवार को जिलेभर के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भोर से ही मंदिरों में दर्शन-पूजन का सिलसिला शुरू हो गया। भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक और रुद्राभिषेक कर गंगाजल, दूध, दही, शहद, बेलपत्र, धतूरा और पुष्प अर्पित किए। मंदिर परिसर में दिनभर हर हर महादेव और बोल बम के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और आरोग्य की कामना की।
ताला के मुकुटनाथ धाम, जागेश्वर धाम, कालिकन धाम, देवीपाटन धाम, दुखहरण धाम और महादेवन में भक्त पहुंचे। टीकरमाफी स्थित नर्मदेश्वर शिव मंदिर, गौरीगंज के महामृत्युंजय धाम, दंडेश्वर धाम और दत्तेश्वर धाम में भी शिवलिंग पर जल चढ़ाने के लिए श्रद्धालुओं की आवाजाही रही। पीढ़ी के तपेश्वरनाथ धाम, राजाफत्तेपुर के बाबा घुइसरनाथ महादेव, फुल्लेश्वर महादेव, पूरे सर्वजीत के शिवेश्वर महादेव और सेमरौता के बाबा उजियारनाथ महादेव मंदिर में भी भक्तों ने पूजा की। एसपी सरवणन टी ने मुसाफिरखाना के दंडेश्वर धाम में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।
तपेश्वरनाथ धाम में कांवड़ियों ने चढ़ाया गंगाजल
फुरसतगंज। पीढ़ी स्थित तपेश्वरनाथ धाम में कांवड़ियों और श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया। कांवड़ियों ने गंगाजल चढ़ाकर सुख-शांति की कामना की। पुलिस अधीक्षक ने मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।