अमेठी सिटी। गौरीगंज नगर पालिका के 25 वार्डों में करीब नौ हजार से अधिक आवासीय व व्यावसायिक भवन हैं। इन मकानों का गृहकर ऑनलाइन जमा कराए जाने को लेकर कवायद शुरू कर दी गई है। इसको लेकर वार्डवार मकानों का सर्वे कराया जा रहा है। इसके बाद भवन स्वामियों को गृहकर जमा करने के लिए कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
नगर पालिका की गृहकर प्रणाली को ऑनलाइन किया जा रहा है। इसके लिए पहले चरण में वार्डों का सर्वे किए जाने की कवायद शुरू कर दी गई है। पोर्टल के जरिए घर बैठे टैक्स की जानकारी नगरवासियों को मिल जाएगी। इसके साथ ही उसका भुगतान सीधे पालिका के खाते में किया जा सकेगा। टैक्स जमा करने की प्रक्रिया वर्षों पुरानी है।
नगर पालिका टैक्स निर्धारित करती है। राजस्व संग्रहकर्ता मोहल्ले में भ्रमण करके गृह स्वामियों को नोटिस देते हैं और फिर वसूली करके रसीद देते हैं। इस कार्य में नगर पालिका को कई कर्मचारी लगाने पड़ते हैं। ऑनलाइन होने के बाद शहर के लोग घर बैठे पोर्टल के माध्यम से टैक्स की जानकारी प्राप्त कर सीधे भुगतान कर सकेंगे। पोर्टल पर शिकायत भी दर्ज करा सकेंगे, जिसका समाधान किया जाएगा। ईओ सुनील कुमार ने बताया कि नगर पालिका की ओर से वार्डवार सर्वे कराया जा रहा है।
नगर पालिका के वार्ड
नगर पालिका में जीजीआईसी, सुभावतपुर, पचेहरी, जयसिंह का पुरवा, पलिया, विशुनदासपुर, नंदा का पुरवा, खगा पाठक का पुरवा, मिश्रौली, हरखपुर, बरनाटीकर, श्रीमाधवनगर, माधवपुर, सरैया, असैदापुर, नगरवा, कटरा लालगंज, बताशामंडी, रग्धूपुर, बलीपुर खुर्दवां, तहसील एरिया, हनुमान मंदिर तिराहा, चौक, राजगढ़ वार्ड व रेलवे स्टेशन वार्ड हैं।