फुरसतगंज के ब्रहमनी गांव में लगी आग बुझाते फायर ब्रिगेड कर्मी।-स्रोत : स्थानीय ग्रामीण
अमेठी सिटी। जिले के अलग-अलग इलाकों में बृहस्पतिवार को आग की घटनाएं हुईं। कहीं खेत में पड़ी नरई जलकर राख हो गई तो कहीं ग्रामीणों के आशियाने जल हो गए। गौरीगंज के बाबूगंज स्थित सगरा आश्रम के पास जंगल में बृहस्पतिवार को आग लग गई। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया।
जामों क्षेत्र के रानीपुर घोसियान गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में लगी आग से बाबूलाल, बिहारी और सीताराम के मकान जल गए। लपटें देख ग्रामीणों ने पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी और खुद भी आग बुझाने में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन अनाज, कपड़े और अन्य सामान जल गया। राजामऊ गांव के सिवान में ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी से खेतों में आग लग गई। कटाई के बाद खेत में रखी गई नरई जलकर राख हो गई। राम अवध, जीतेंद्र सिंह, दिनेश सिंह समेत कई किसानों को नुकसान पहुंचा है।
फुरसतगंज क्षेत्र के ब्रहमनी गांव में अज्ञात कारणों से अंजनी कुमार शुक्ला के बाग में आग लग गई। आग ने इंजन, ट्यूबवेल, पंखा, बंगला, दो पेड़ और दो कोठियां को अपनी चपेट में ले लिया। सिंहपुर क्षेत्र के भट्ठा का पुरवा में हिंदुस्तान ढाबा के पीछे खेत में अज्ञात कारणों से आग लग गई। इससे करीब 20 बीघा खेत में पड़ी नरई जल गई। ।।