शिवरतनगंज के टिकरी गांव में गमगीन परिजन। स्रोत : स्थानीय
सिंहपुर। लखनऊ में शनिवार रात हुए सड़क हादसे में शिवरतनगंज के टिकरी गांव निवासी होटल मैनेजर सत्यभान सिंह उर्फ राजेश (27) की मौत हो गई। रविवार को शव गांव पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।
राम बहादुर सिंह ने बताया कि उनका बेटा सत्यभान सिंह उर्फ राजेश लखनऊ के महानगर स्थित होटल गोल्डन हैप्पी में मैनेजर था। शनिवार रात करीब 12:30 बजे छुट्टी के बाद वह स्कूटी से निशातगंज के पुराना बाबा का पुरवा स्थित कमरे पर लौट रहा था।
महानगर चौराहे के पास तेज रफ्तार कार की चपेट में उनकी स्कूटी आ गई। हादसे में सत्यभान सिंह उर्फ राजेश गंभीर रूप से घायल हो गए। लखनऊ पुलिस उसे ट्राॅमा सेंटर ले गई और परिजनों को फोन से हादसे की जानकारी दी।
चालक कार छोड़कर भाग निकला। परिजन लखनऊ पहुंचे तो डॉक्टरों ने सत्यभान सिंह उर्फ राजेश को मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव रविवार को गांव लाया गया।
सीओ दिनेश कुमार मिश्र ने बताया कि लखनऊ पुलिस से हादसे की जानकारी मिलने पर परिजनों को अवगत कराया गया था। मामले में कार्रवाई लखनऊ में होगी। स्थानीय स्तर पर परिजनों को मदद की जरूरत होने पर सहयोग किया जाएगा।