अमेठी। स्थानीय ब्लॉक के गांव बेनीपुर में निर्माणाधीन 50 बेड वाले आयुष हॉस्पिटल का मंगलवार को एसडीएम और खनन अधिकारी ने संयुक्त रूप से निरीक्षण कर निर्माण गुणवत्ता की जांच की। एसडीएम की ओर से जांच रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजी जाएगी।
स्थानीय ब्लॉक के गांव बेनीपुर में 7.25 करोड़ की लागत से 50 शैय्या वाले आयुष हॉस्पिटल का निर्माण कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है। निर्माणाधीन आयुष हास्पिटल का निर्माण अगस्त 2018 से चल रहा है। लागत के सापेक्ष अब तक 5.41 करोड़ रुपये की राशि अवमुक्त हो चुकी है।
सात जुलाई को डीएम अरुण कुमार ने आयुष अस्पताल का निरीक्षण कर कार्यदाई संस्था के अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने का निर्देश दिया था। इस दौरान निर्माण कार्य में अनियमितता मिलने पर डीएम ने कार्यदाई संस्था के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए एसडीएम और खनन अधिकारी को जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया था।
डीएम के निर्देश पर मंगलवार को एसडीएम योगेंद्र सिंह ने खनन अधिकारी व अन्य के साथ निर्माणाधीन आयुष अस्पताल का निरीक्षण कर कार्यों की जांच की। एसडीएम ने बताया कि जांच रिपोर्ट डीएम को भेजी जा रही है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि कार्यदाई संस्था को निर्धारित समयावधि में कार्य पूर्ण किए जाने का निर्देश दिया गया है। श्रमिकों को सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन एवं मास्क आदि सावधानियां बरतने का भी निर्देश दिया।