गौरीगंज (अमेठी)। जिले में संचालित 50 लाख रुपए के ऊपर की परियोजनाओं की डीएम ने कैंप कार्यालय में जिम्मेदारों के साथ बैठक कर बिंदुवार समीक्षा की। बैठक में निर्धारित समयावधि में मानक के अनुसार निर्माण कार्य पूरा करने का निर्देश देते हुए डीएम ने प्रयुक्त सामग्री की प्रयोगशाला से नियमित जांच करवाने तथा संबंधित विभाग के अधिकारी को निरीक्षण करने को कहा। डीएम ने कोविड-19 से बचाव नियमों का पालन करते हुए निर्माण कार्य पूरा कराने का निर्देश देते हुए समय से निर्माण कार्य पूरा नहीं होने पर रिकवरी की चेतावनी दी है।
शासन की ओर से स्वीकृत जिले में 50 लाख रुपये से अधिक की परियोजनाओं को समय से मानक के अनुसार पूरा करवाने की कोशिश में जुटे डीएम अरुण कुमार कार्यदाई संस्था के जिम्मेदारों व अफसरों के साथ कैंप कार्यालय में समीक्षा बैठक की। समीक्षा के दौरान निर्माण कार्य की धीमी प्रगति व समय बीत जाने के बाद निमर्शाण कार्य पूरा नहीं होने, अवशेष किश्त की मांग नहीं करने पर कार्यदाई संस्था प्रभारियों को फटकार लगाई।
बैठक में डीएम ने निर्माण कार्य मानक युक्त सामग्री का प्रयोग हो इसके लिए कार्यदाई संस्था को नियमित प्रयोगशाला से प्रयुक्त सामग्री की जांच करवाने तथा संबंधित विभाग के अफसर को नियमित निरीक्षण करने का निर्देश दिया। डीएम ने कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए निर्माण कार्य के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग निमय का पालन करने तथा श्रमिकों को अनिवार्य रुप से मास्क का प्रयोग करने तथा सैनिटाइजर का प्रबंध रखने की बात कहते हुए मानक के अनुसार समयावधि में निर्माण कार्य पूरा कर भवन हैंडओवर करने का निर्देश दिया।
डीएम ने समयावधि में मानक के अनुसार निर्माण कार्य पूरा नहीं होने की दशा में रिकवरी की चेतावनी दी। इस मौके पर सीडीओ प्रभुनाथ, एक्सईएन लोक निर्माण विभाग राकेश चौधरी, डीएसटीओ रामसनेही वर्मा व डीआईओएस जयकरनलाल वर्मा समेत सभी कार्यदाई संस्था के जिम्मेदार व विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।