नरहरपुर में जलभराव के बीच गुजरते ग्रामीण। स्रोत : ग्रामीण
भादर। लगातार बारिश और जलनिकासी की व्यवस्था न होने से रामगंज थाना क्षेत्र के नरहरपुर गांव के एक मोहल्ले में जलभराव हो गया है। करीब 10 से 15 परिवार प्रभावित हैं। ग्रामीण विनोद, राम औतार और बरसाती ने बताया कि समस्या दूर करने के लिए पहली सितंबर को नाली की खोदाई का प्रयास किया गया था। मौके पर पुलिस बल और जेसीबी पहुंची, मगर ब्लॉक व तहसील से राजस्व विभाग का कोई अधिकारी या कर्मचारी मौजूद नहीं था।
समन्वय न होने से जेसीबी और पुलिस बल लौट गए। इससे नाली की खोदाई और पानीनिकासी का काम पूरा नहीं हो सका। ग्रामीणों ने एसडीएम अमेठी को शिकायती पत्र देकर मोहल्ले का निरीक्षण कराने और अधिकारियों की मौजूदगी में नाली की खोदाई कराकर जलनिकासी शुरू कराने की मांग की है। एसडीएम अमेठी पंकज मिश्र ने बताया कि टीम गठित कर जलभराव की समस्या का शीघ्र निस्तारण कराया जाएगा।