अमेठी सिटी। नकलविहीन होमगार्ड भर्ती परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शनिवार से जिले के आठ केंद्रों पर परीक्षा शुरू होगी। प्रत्येक पाली में 2640 अभ्यर्थी शामिल होंगे। सुरक्षा के लिए 700 से अधिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से निगरानी की जाएगी, वहीं सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है।
तीन दिन में कुल छह पालियों में 15,840 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। केंद्रों पर प्रवेश सघन चेकिंग और बायोमीट्रिक हाजिरी के बाद ही मिलेगा। अभ्यर्थी केवल प्रवेश पत्र, आधार कार्ड और पेन ही अंदर ले जा सकेंगे। 480 अभ्यर्थियों वाले केंद्रों पर दो इंस्पेक्टर, दरोगा व 15 आरक्षी तथा 240 अभ्यर्थियों वाले केंद्रों पर एक इंस्पेक्टर, दरोगा व आठ आरक्षी तैनात किए गए हैं।
सभी केंद्रों पर सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी की व्यवस्था है। साथ ही केंद्र व्यवस्थापक, सहायक केंद्र व्यवस्थापक, उपकेंद्र व्यवस्थापक, सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। 100 मीटर दायरे में दुकानें बंद परीक्षा केंद्रों के आसपास फोटो कॉपी, स्टेशनरी और इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकानें बंद रहेंगी।
परीक्षा में गांधी इंटर कॉलेज कोरारी लक्षणशाह, गोपाल इंटर कॉलेज पंडरी, जीजीआईसी अमेठी, जीजीआईसी गौरीगंज, जीजीआईसी शाहगढ़ में 240-240 तथा रणंजय इंटर कॉलेज गौरीगंज, रणवीर इंटर कॉलेज रामनगर और आरआरपीजी कॉलेज अमेठी में 480-480 अभ्यर्थी प्रति पाली शामिल होंगे।
एएसपी ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए कड़ी निगरानी की जा रही है। माहौल बिगाड़ने या अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।