30 : जायस : राजू (फाइल फोटो)। -संवाद
- फोटो : AMETHI
जायस (अमेठी)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के जायस कस्बे में शुक्रवार को सुल्तानपुर की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार गैस टैंकर ने सड़क पार कर रहे युवक को रौंद दिया। दुर्घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। नाराज परिवारीजनों ने कस्बावासियों के साथ टांडा-बांदा हाइवे पर जाम लगा दिया। दुर्घटना कर भाग रहे टैंकर को चालक समेत पुलिस ने गिरफ्तार कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। करीब एक घंटा बाद परिजन शांत हुए तब जाकर पुलिस ने पंचनामा कराकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
कस्बा क्षेत्र के निखाइया जेर मस्जिद मोहल्ला निवासी राजू उर्फ नायाब सोनार कुंआ के ठीक सामने चिकन की दुकान करता था। शुक्रवार दोपहर करीब पौने तीन बजे वह कस्बे से निकलकर जैसे ही वह अपनी बाइक से सोनार कुंआ के पास टांडा-बांदा राजमार्ग पार कर रहा था। इस बीच सुल्तानपुर की ओर से तेज रफ्तार से आ रहा भारत पेट्रोलियम का टैंकर ने राजू की बाइक को टक्कर मार दी।
दुर्घटना में राजू की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक टैंकर लेकर रायबरेली की ओर भाग निकला। सूचना पर सक्रिय बहादुरपुर चौकी पुलिस ने मार्ग पर बैरियर निकालकर टैंकर लेकर भाग रहे प्रतापगढ़ जिले के चंदवा पट्टी निवासी चालक गुफरान खान को दबोच लिया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में कस्बावासी पहुंच गए और हाईवे पर जाम लगा दिया।
स्थिति बिगड़ते देख एसओ उमेश मिश्र की सूचना पर पीएसी बल मौके पर भेज दिया गया। काफी देर तक समझाने बुझाने के बाद परिवारीजन राजी हुए तब जाकर पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। इस दौरान करीब एक घंटा तक हाईवे जाम रहा। एसओ ने बताया कि मृतक के पत्नी की तहरीर पर केस दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
तीन महीने पहले ही हुआ था निकाह
मृतक राजू की बहन चांदनी के अनुसार राजू का निकाह गुलसमा के साथ हुआ था। मृतक की पत्नी का रो-रोकर बेहोश हो जा रही थी। राजू परिवार में अकेला कमाऊ था। उसकी मौत के बाद परिवार का सहारा टूट गया।
31 : जायस : युवक की मौत के बाद रोते-बिलखते परिजन। -संवाद- फोटो : AMETHI