अमेठी। कोतवाली क्षेत्र के अमेठी कालिकन मार्ग स्थित अंडरपास पर लगे हाइट गेज से एक अनियंत्रित डंपर टकरा गया। जिसके चलते हाइट गेज उखड़ कर टूट गया। घटना के बाद अंडर पास में जाम की स्थिति हो गई। जिसके चलते राहगीरों एवं दर्शनार्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। आरपीएफ पुलिस विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।
अमेठी-कालिकन मार्ग पर आवागमन की सुविधा को लेकर रेलवे की ओर से अंडरपास निर्माण कराया गया है। ओवरलोड वाहनों आदि को लेकर अंडरपास के प्रवेश व निकासी द्वार पर हाइट गेज लगाया गया है। रविवार सुबह एक डंपर अमेठी की ओर से कालिकन जा रहा था। डंपर अनियंत्रित होकर हाइट गेज में टकरा गया, रफ्तार इतनी तेज थी कि हाइट गेज उखड़कर दूर गिरा। जिसके चलते डंपर अंडरपास के प्रवेश द्वार पर ही फंस गया। आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
बाइक व साइकिल से कालिकन जाने वाले श्रद्धालु एवं राहगीर किसी तरह निकल गए लेकिन ई-रिक्शा व चार पहिया समेत अन्य वाहनों को कई किलोमीटर चक्कर लगाकर निकलना पड़ा। घंटों तक रास्ता बाधित रहने के बाद क्रेन की मदद से हाइट गेज को हटाया गया उसके बाद डंपर निकाला और रास्ता बहाल हुआ। आरपीएफ इंचार्ज प्रभारी उप निरीक्षक शिव सागर सिंह ने बताया कि जानकारी मिली थी मौके पर जब पुलिस पहुंची तो डंपर फरार था। मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।