अमेठी सिटी। चीन में फैल रहे ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस (एचएमपीवी) को लेकर जिले में भी स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। जिला अस्पताल सहित सभी सरकारी अस्पतालों में व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही हैं। लोगों का सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।
चीन में फैल रहे ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस (एचएमपीवी) को लेकर स्वास्थ्य मंत्रालय गंभीर हो गया है। देश के कर्नाटक, बंगलूरू में दो केस मिलने के बाद केंद्रीय मंत्रालय की ओर से जारी पत्र के बाद जिले में भी स्वास्थ्य विभाग इस वायरस को लेकर अलर्ट हो गया है। इस वायरस के संक्रमण के लक्षण भी कोविड-19 के जैसे ही हैं। हालांकि जिले में अभी इस वायरस का कोई मामला सामने नहीं आया है। फिर भी जिला अस्पताल में आईसीयू वार्ड, आइसोलेशन वार्ड समेत अन्य वार्ड में तैयारियां की जा रही हैं।
सभी सरकारी अस्पतालों में व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया है। वहीं, अस्पतालों की ओपीडी में आने वाले सर्दी, जुकाम और गले में संक्रमण के मरीजों को वायरस से बचाव के बारे में बताया जा रहा है। बच्चों व बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी रही है।
चिकित्सकों के अनुसार इस वायरस के लक्षण मौसम जनित सर्दी, जुकाम वाले ही हैं। यह छींकने, खांसने, करीब रहने से हो सकता है। बचाव के लिए कोविड के सभी मानकों का पालन करना होगा। ठंड के मौसम में आमतौर पर वायरस के संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए सावधानियां बरतने के प्रति गंभीर होने की जरूरत है।
बरतें यह सावधानी
-हाथ धोए बिना मुंह और नाक को छूने से बचें।
- संक्रमण में आए लोगों से दो गज की दूरी बनाकर रखें।
- सार्वजनिक स्थानों पर जाते वक्त मास्क लगाकर निकलें।
- इस वायरस से बचने के लिए समय-समय पर हाथ धोएं।
- अगर आपके पास कोई छींक रहा है तो अपना मुंह ढककर रखें।
-भीड़भाड़ वाले स्थानों और बेवजह अस्पताल जाने से बचें।
बचाव के लिए बरतें सावधानी
सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने बताया कि इस वायरस से डरने की जरूरत नहीं है। सावधानी बरतने से ही वायरस से बचाव किया जा सकता है। घरों से बाहर मुंह पर मास्क लगाकर ही निकलें। कहा कि जिले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी तैयारियां की जा रही हैं। चिकित्सकों द्वारा लोगों को सावधानियां बरतने की सलाह दी जा रही है।