अमेठी सिटी। 22 दिसंबर को महमदपुर गांव निवासी अनीत पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के मामले में शामिल एक आरोपी को मंगलवार को पुलिस ने कोर्ट से रिमांड पर लिया है। रिमांड पर पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पिस्तौल बरामद की। इसके पहले पुलिस फायरिंग में शामिल तीन लोगों का चालान कोर्ट भेज चुकी है।
जगदीशपुर के महमदपुर गांव निवासी अनीत सिंह पर 22 दिसंबर को घर के सामने स्कार्पियो सवार बदमाशों ने फायरिंग कर घायल कर दिया था। मामले में घायल के पिता तेज बहादुर ने पूरे शोहरत गांव निवासी युवराज सहित कुछ अज्ञात पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज कराया था। मामले में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर एसपी ने 30 दिसंबर को 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। मुख्य आरोपी फरार है।
इसी मामले में शामिल सुल्तानपुर जिले के लंभुआ थाने के धनुपुर गांव निवासी सूरज मिश्र ने कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद पुलिस ने कोर्ट से रिमांड लेकर थाने लाकर सूरज से पूछताछ की। पूछताछ में सूरज ने साथियों लखन पंडित उर्फ केशव पंडित, युवराज सिंह, गगन मिश्रा, सर्वेश सिंह, रवि पासी और मो. कैफ संग अनीत पर फायरिंग करने की बात स्वीकार की। सूरज की निशानदेही पर पुलिस ने सलावतगढ़ के पास झाड़ियों से घटना में प्रयुक्त पिस्तौल बरामद की। एसएचओ ने बताया कि मामले में शामिल तीन लोग पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं। मुख्य आरोपी संग अन्य की तलाश की जा रही है।