अमेठी। प्रधान डाकघर में सोमवार को सर्वर फेल होने से बैंकिंग कार्य पूरी तरह ठप रहा। बचत खाता, एनएससी, एफडी, नया खाता खोलने, पासबुक अपडेट सहित अन्य सेवाएं प्रभावित रहीं। सर्वर खराब होने से ग्राहक रुपये न तो जमा कर पाए और न ही अपनी जमा पूंजी निकाल पा रहे हैं। इससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रधान डाकघर में प्रतिदिन करीब 50 लाख रुपये से अधिक का लेनदेन होता है जो सर्वर फेल होने से पूरी तरह प्रभावित हुआ। इससे जहां आम उपभोक्ताओं को दिक्कतें झेलनी पड़ीं, वहीं डाक विभाग को भी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। सोमवार सुबह बड़ी संख्या में ग्राहक डाकघर पहुंचे, लेकिन सर्वर ठप होने की जानकारी मिलने पर उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ा।
भादर निवासी शिवकुमार रुपये जमा करने आए थे, जबकि विवेक कुमार को खाते से रुपये निकालने की जरूरत थी। दोनों को ही बिना काम कराए मायूस होकर लौटना पड़ा। ककवा निवासी सत्यम शुक्ल एफडी कराने पहुंचे थे, वहीं संग्रामपुर निवासी विनय ने बताया कि रुपयों की सख्त आवश्यकता के चलते उन्होंने तीन बार डाकघर का चक्कर लगाया, लेकिन सर्वर ठीक न होने से लेनदेन नहीं हो सका।
प्रधान डाकघर के पोस्टमास्टर रामआसरे सोनकर ने बताया कि सर्वर में आई तकनीकी खराबी से बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हुई हैं। तकनीकी टीम को सूचना दे दी गई है और सुधार का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही सर्वर दुरुस्त कर लिया जाएगा, जिससे ग्राहकों और विभाग दोनों को राहत मिलेगी।