अमेठी सिटी। जिले के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में होने वाली अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं की तिथि बदल दी गई है। शिक्षा विभाग ने पहले इन परीक्षाओं को 28 नवंबर से शुरू करने का कार्यक्रम तय किया था, परंतु एसआईआर प्रक्रिया जारी रहने के कारण नई तिथि घोषित कर दी गई है। अब परीक्षाएं 10 से 15 दिसंबर तक होंगी।
भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में मतदाता सूचियों का अद्यतन चल रहा है। इस प्रक्रिया में बीएलओ के रूप में शिक्षक, शिक्षामित्र और अनुदेशक लगाए गए हैं। इसी कारण शिक्षा निदेशक ने परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव का निर्णय लिया है। सभी बेसिक शिक्षा अधिकारियों को संशोधित कार्यक्रम भेजा गया है ताकि परीक्षा की तैयारियों में कोई बाधा न आए।
जिला बेसिक शिक्षा कार्यालय ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों और विद्यालयों को निर्देश भेजकर नई तिथि के अनुरूप प्रश्नपत्रों की तैयारी, समय-सारिणी तय करने और अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा है। जिले के 1570 परिषदीय विद्यालयों में लगभग 1.37 लाख बच्चे नामांकित हैं, जिनके लिए यह बदलाव लागू होगा।
शिक्षा विभाग का कहना है कि एसआईआर प्रक्रिया अत्यंत महत्वपूर्ण चरण है, इस कारण परीक्षाओं को आगे बढ़ाना आवश्यक हो गया था। नई तिथि घोषित होने से विद्यार्थियों को अतिरिक्त समय मिल गया है। विद्यालयों में शिक्षक भी पाठ्यक्रम पूरा कराने में तेजी से जुटे हैं। बीएसए संजय कुमार तिवारी ने बताया कि परीक्षा से संबंधित लगभग सभी तैयारियां पूरी हैं। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 10 दिसंबर से परीक्षाएं शुरू कराई जाएंगी।