भादर। गाजीपुर के खेल मैदान पर चल रही 27वीं श्री दूल्हाराय क्रिकेट प्रतियोगिता के तीसरे दिन मंगलवार को दो मुकाबले खेले गए। इसमें एचएएल कोरवा की टीम ने रोमांचक मुकाबले में शानदार खेल दिखा कर क्वार्टर फाइनल में जीत दर्ज की।
दिन का पहला मैच क्वार्टर फाइनल मुकाबला मेरठ और एचएएल कोरवा के बीच हुआ। मेरठ के कप्तान गोलू ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी। आदित्य और सक्षम की ओपनिंग जोड़ी ने 60 रन की साझेदारी की। टीम ने 15 ओवर में आठ विकेट पर 150 रन बनाए। लक्ष्य के जवाब में एचएएल कोरवा की टीम ने पहले विकेट के लिए 68 रन जोड़े। मुकाबला अंतिम ओवर तक पहुंचा। आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर एचएएल कोरवा ने 15 ओवर में नौ विकेट पर 153 रन बनाते हुए एक विकेट से जीत दर्ज की। शानदार बल्लेबाजी के लिए वाहिद को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वाहिद ने छह छक्के और चार चौकों की मदद से 58 रन बनाए।
दूसरा मुकाबला पांचवें लीग मैच के रूप में प्रतापगढ़ और घोसी मऊ के बीच खेला गया। प्रतापगढ़ के कप्तान विपिन ने बल्लेबाजी चुनी। भानु और ललित की जोड़ी 11 रन ही जोड़ सकी। प्रतापगढ़ ने 12 ओवर में नौ विकेट पर 87 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी घोसी मऊ की पूरी टीम 12 ओवर में नौ विकेट पर 81 रन ही बना सकी। प्रतापगढ़ ने छह रन से मैच जीत लिया। नबी को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया। नबी ने तीन ओवर में 10 रन खर्च कर तीन विकेट लिए। स्कोरर और कमेंटेटर की जिम्मेदारी अजय सिंह गांधी और ओम ने संभाली। अंपायर की भूमिका आशीष और प्रिंस ने निभाई।