अमेठी। दो दिन पूर्व हुई मामूली कहासुनी के बाद शुक्रवार सुबह बाहर निकले किराना व्यवसायी को बाइक सवार युवकों ने गोली मार दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने घायल व्यवसायी को अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल सुलतानपुर रेफर कर दिया। पुलिस ने एक नामजद समेत दो अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पीपरपुर थाना क्षेत्र के इस्माइलपुर बड़ा गांव निवासी शुभम सिंह अयोध्यानगर बाजार में किराना की दुकान करता है। दो दिन पूर्व गुड़ुरी निवासी राम अंबेडकर से कुछ सामान के लेनदेन को लेकर कहासुनी हुई थी। शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे शुभम किसी काम से दुकान से बाहर निकला था।
वापस लौटते समय सांगापुर मोड़ के समीप राम अंबेडकर अपने दो अज्ञात साथियों के साथ बाइक से पहुंचा और शुभम पर तमंचे से फायर झोंक दिया। गोली व्यवसायी के हाथ व पेट में लगी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे परिवारीजन पुलिस को सूचना देते हुए आसपास के लोगों की मदद से शुभम को इलाज के लिए सीएचसी भादर ले गए।
अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद शुभम को जिला अस्पताल सुलतानपुर रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष रवींद्र सिंह ने एक नामजद व दो अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की पुष्टि की है। कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थलों पर दबिश दी जा रही है।