जगदीशपुर (अमेठी)। होम सिग्नल के फेल होने से आउटर पर अप में जाने वाली मालगाड़ी खड़ी हो गई। इस दौरान अयोध्या-रायबरेली मार्ग बाधित हो गया। दोनों ओर से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब 36 मिनट बाद मालगाड़ी को पास कराया गया। इधर, आधे घंटे लगे जाम में लोग फंसे रहे। देखते ही देखते वाहनों की कतार लग गई।
बुधवार को उत्तर रेलवे के निहालगढ़ स्टेशन स्थित पूर्वी फाटक पर आउटर सिग्नल अचानक फेल हो गया। जिससे लखनऊ-उतरेटिया-वाराणसी का अप ट्रैक आधे घंटे तक बाधित रहा। इस दौरान एक मालगाड़ी करीब 36 मिनट तक खड़ी रही। स्टेशन अधीक्षक लखन लाल मीना ने बताया कि सिग्नल फेल होने से वाराणसी से लखनऊ की तरफ अप में जा रही जीएचपीसीएल मालगाड़ी को आउटर पर रोक दिया गया था। जिसे 369-थ्री बी अथॉरिटी देकर माल गाड़ी को पास कराया गया। जिसके लिए 129 स्पेशल गेट को बुधवार सुबह 7.31 पर बंद किया गया था। 8.07 बजे गाड़ी निकालने के बाद 8.08 बजे गेट को गेट मैन राम विजय ने खोल दिया। जिससे 36 मिनट गेट बंद रहा। मौके पर पहुंचे सिग्नल एंड टेलीकॉम की टीम ने होम सिग्नल में आई तकनीकी खराबी को दूर की, इसके बाद यातायात को बहाल किया गया।
परेशान रहे यात्री
मालगाड़ी को क्राॅस कराने के लिए बंद किए गए गेट संख्या 129 स्पेशल फाटक के दोनों ओर अयोध्या-रायबरेली हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में बाइक, लग्जरी कार, बसों में सवार यात्री, स्कूली वाहन, ट्रक जाम में काफी देर तक खड़े रहे। जिससे इन वाहनों में सवार लोग परेशान रहे। महिलाएं, स्कूली बच्चे आदि को काफी परेशानी हुई।