गौरीगंज(अमेठी)। मतदेय स्थल को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम की अध्यक्षता मेंं राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई। कहा गया है कि यदि मतदेय स्थल से कोई समस्या या सुझाव हो तो एक सप्ताह में सूचित करें ताकि उसका निस्तारण समयबद्ध तरीके से किया जा सके। जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम राकेश कुमार मिश्र ने बुधवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में जिले के विभिन्न राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ मतदेय स्थलों को लेकर बैठक की। बैठक में डीएम ने बताया कि आगामी लोकसभा निर्वाचन को लेकर जिले में1554 मतदेय स्थल तथा 896 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जिसमें 178-तिलोई विधानसभा में 387 मतदेय स्थल एवं 214 मतदान केंद्र, 184-जगदीशपुर (अनुसूचित जाति ) विधानसभा में 400 मतदेय स्थल एवं 212 मतदान केंद्र, 185-गौरीगंज विधानसभा में 389 मतदेय स्थल एवं 245 मतदान केंद्र तथा 186-अमेठी विधानसभा में 378 मतदेय स्थल एवं 225 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
बैठक में डीएम ने कहा कि विधानसभावार बनाए गए मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर लें तथा यदि किसी मतदान केंद्र पर कोई समस्या है अथवा किसी राजनैतिक दल के पदाधिकारी का कोई सुझाव है तो वह एक सप्ताह के अंदर लिखित रूप से अवगत कराएं। बैठक एडीएम अर्पित गुप्ता, एसडीएम गौरीगंज अभिनव कनौजिया, एमडीएम अमेठी प्रीति तिवारी, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट अंजलि सिंह सहित विभिन्न राजनैतिक दलों के पदाधिकारी मौजूद रहे।