अमेठी सिटी। जिले के 13 कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में अब छात्राएं आधुनिक शिक्षण का अनुभव प्राप्त करेंगी। डिजिटल युग की आवश्यकताओं को पूरा करने के उद्देश्य से जिले के 13 कस्तूरबा विद्यालयों में सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) लैब का संचालन जल्द शुरू होने वाला है। इन विद्यालयों में आवश्यक उपकरण पहुंच चुके हैं और विद्युत वायरिंग का कार्य अंतिम चरण में है।
इन आधुनिक लैब के माध्यम से छात्राओं को कोडिंग, डिजिटल टूल्स, एआई आधारित सॉफ्टवेयर, समस्या समाधान और रचनात्मक सोच जैसे विषयों पर व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त होगा। इससे शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित न रहकर तकनीक आधारित अनुभवात्मक स्वरूप ले सकेगी। तकनीकी अभ्यास से छात्राओं की समझ, आत्मविश्वास और नवाचार क्षमता को मजबूती मिलेगी।
आईसीटी और एआई का परिचय उन्हें उच्च शिक्षा की दिशा में आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करेगा, जिससे वे नवाचार आधारित प्रोजेक्ट और डिजिटल गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग ले सकेंगी। साथ ही वे कंप्यूटर, इंटरनेट और डिजिटल उपकरणों के सुरक्षित उपयोग के बारे में भी सीखेंगी।
जिला समन्वयक बालिका श्याम सुंदर श्रीवास्तव के अनुसार प्रत्येक विद्यालय में चार कंप्यूटर सिस्टम, प्रिंटर, इंटरैक्टिव फ्लैट पैनल, इनवर्टर व बैटरी, एचडी कैमरा, पीए सिस्टम, मल्टीफंक्शन प्रिंटर, वाईफाई राउटर, 128 जीबी पेन ड्राइव और 55 इंच स्मार्ट टीवी उपलब्ध कराया गया है। इन उपकरणों का इंस्टॉलेशन वायरिंग कार्य पूर्ण होते ही शुरू कर दिया जाएगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय कुमार तिवारी ने बताया कि स्मार्ट क्लास और लैब के माध्यम से नियमित शिक्षण शुरू होने पर छात्राएं तकनीकी रूप से अधिक सक्षम बनेंगी।
इससे भविष्य में उन्हें उच्च शिक्षा प्राप्त करने के साथ-साथ तकनीकी क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। यह पहल छात्राओं के शैक्षणिक और व्यावसायिक भविष्य को संवारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।