अमेठी सिटी। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की छात्राओं को खेलों में आगे बढ़ाने के लिए जिले में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। इसके तहत 13 विद्यालयों की बालिकाओं को बास्केटबॉल और वॉलीबॉल का 90 दिन का प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे जिला और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
प्रत्येक विद्यालय से तीन से चार छात्राओं का चयन कर टीम बनाई जा रही है। चयनित छात्राओं को नियमित अभ्यास और मार्गदर्शन दिया जाएगा, जिससे उनकी प्रतिभा को निखारा जा सके। प्रशिक्षण के लिए शाहगढ़ में बास्केटबॉल और भेंटुआ में वॉलीबॉल केंद्र बनाए गए हैं। सभी विद्यालयों में बास्केटबॉल के हाॅफ कोर्ट तैयार कर दिए गए हैं, जिससे छात्राओं को अभ्यास का बेहतर अवसर मिल सके।
इस पहल से छात्राओं का शारीरिक विकास होने के साथ उनमें अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता भी विकसित होगी। ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं को खेलों के जरिये आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।बीएसए संजय तिवारी ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं का आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें खेलों में आगे लाना है।