फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amethi News: शिक्षिकाओं की रार में सड़क पर उतरीं छात्राएं

Wed, 03 Dec 2025 12:28 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
विज्ञापन
 बाजारशुकुल में इन्हौंना-रुदौली मार्ग पर बैठी छात्राएं। साथ में उनके अ​भिभावक व अन्य। -संवाद 
विज्ञापन
बाजारशुकुल। कस्तूरबा विद्यालय में वार्डन और शिक्षिकाओं के बीच जारी विवाद ने छात्राओं की पढ़ाई चौपट कर रखी है। स्कूल की दो शिक्षिकाओं के स्थानांतरण के विरोध में मंगलवार को छात्राएं, अभिभावक और बौद्ध महासभा के पदाधिकारी सड़क पर उतर आए।
विज्ञापन



स्कूल और थाने में प्रदर्शन से समाधान न निकलने पर इन्हौंना-रुदौली मार्ग जाम कर दिया गया। करीब आधे घंटे बाद आवागमन बहाल हुआ। माहौल तनावपूर्ण होने के चलते दो दिन के लिए विद्यालय बंद कर दिया गया है। साथ ही तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय तिवारी ने वार्डन नीतू श्रीवास्तव और शिक्षिकाओं अर्चना बौद्ध और रंजना देवी के बीच चल रहे विवाद से पढ़ाई प्रभावित होने पर सोमवार को तीनों का स्थानांतरण कर दिया। बीईओ की रिपोर्ट के आधार पर हुई इस कार्रवाई की जानकारी मिलते ही मंगलवार सुबह कुछ छात्राएं अभिभावकों संग विद्यालय पहुंचीं और वार्डन नीतू पर सीसीटीवी कैमरा बंद कर पिटाई करने का आरोप लगाते हुए उन्हें हटाने की मांग की।
विज्ञापन



छात्राएं व उनके अभिभावक शिक्षिकाओं अर्चना बौद्ध और रंजना देवी का स्थानांतरण रद्द करने पर अड़े रहे। बीईओ शैलेश शुक्ल स्कूल पहुंचे और समझाने का प्रयास किया, पर छात्राएं नहीं मानीं। इसके बाद छात्राएं अभिभावकों के साथ थाने पहुंचीं और वार्डन के विरुद्ध केस दर्ज करने की मांग पर अड़ गईं। छात्राओं का आरोप है कि मेन्यू के अनुरूप भोजन नहीं मिलता। विरोध करने पर पिटाई होती है और पढ़ाई बाधित करने की धमकी दी जाती है।



अधिकारियों ने ग्राम प्रधानों की मदद से कार्रवाई का भरोसा दिलाकर जाम समाप्त कराया। बाद में छात्राओं ने विद्यालय लौटकर विरोध जारी रखा। नायब तहसीलदार नम्रता मिश्र, बीईओ और अन्य अधिकारियों ने अभिभावकों को समझाकर माहौल शांत कराया।
शिक्षिकाओं के विवाद के कारण छात्राएं दो गुटों में बंट गई हैं और पढ़ाई पूरी तरह प्रभावित है। वार्डन नीतू श्रीवास्तव का कहना है कि उन पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं। साजिश के तहत ऐसा किया जा रहा है। उनका पूरा फोकस छात्राओं की पढ़ाई पर है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें