भादर (अमेठी)। मवेशियों से फसल को बचाने के लिए खेत में लगे तार में फैले करंट की चपेट में आकर मंगलवार की शाम एक युवती ने दम तोड़ दिया, जबकि उसके बाबा व दादी झुलस गए। एसडीएम ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों की जानकारी हासिल की है।
भादर कस्बे के सोनारीकलां गांव के पूरे पलये निवासी संजय कुमार ने बताया कि मंगलवार की शाम उसकी भतीजी कोमल (20), बाबा जयराम (75) व दादी पार्वती (70) के साथ चारा काटने गई थी। वहां पर गांव के एक व्यक्ति ने खेत में फसल को जानवरों से बचाने के लिए चारों तरफ तार लगा रखा था। इस तार में करंट भी फैला रखा था। चारा काटने के बाद घर के लिए जाते समय कोमल अचानक तार में उतरे करंट की चपेट में आ गई। यह देखकर बचाने दौड़े बाबा जयराम और दादी पार्वती भी करंट की चपेट में आकर घायल हो गए।
चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े। इसके बाद घायलों को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, भादर ले गए। वहां पर चिकित्सकों ने कोमल को रेफर कर दिया, जबकि दो अन्य घायलों का इलाज किया जा रहा है। देरशाम जिला अस्पताल पहुंची कोमल को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक डॉ. राजीव शुक्ल ने बताया कि युवती की मौत की सूचना गौरीगंज पुलिस को दी गई है।
जिला अस्पताल पहुंचीं एसडीएम अमेठी प्रीती तिवारी ने बताया कि परिजनों से बात की जा रही है। पूरे मामले की रिपोर्ट डीएम को दी जा रही है, कार्रवाई की जाएगी। एसओ संग्रामपुर श्रीराम ने बताया कि पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।
खेत में लगे तारों में करंट उतारना नियम के खिलाफ
- पावर कॉरपोरेशन के अधीक्षण अभियंता ललित कृष्ण ने बताया कि प्रकरण जानकारी में आया है। इस तरह से खेत में लगे तार में करंट उतारना नियम विरूद्ध है। अवर अभियंता को मौके पर भेजा गया है। उनसे रिपोर्ट मांगी जा रही है। इसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।