गौरीगंज (अमेठी)। जिले के राघीपुर में निर्मित पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज का संचालन मौजूदा शैक्षिक सत्र से शुरू होगा। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने प्रधानाचार्य व एक शिक्षक को नामित करते हुए प्रवेश शुरू करने का निर्देश दिया है। मौजूदा शैक्षिक सत्र में में फिलहाल कक्षा नौ व 11 की कक्षाएं ही संचालित होंगी।
प्रदेश की तत्कालीन सपा सरकार ने चार वर्ष पूर्व जिले के गौरीगंज ब्लॉक में स्थित राघीपुर में मॉडल स्कूल (बाद में इसका नाम बदलकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज कर दिया गया) के निर्माण को स्वीकृति दी थी। कार्यदायी संस्था पैकफेड फैजाबाद की ओर से भवन निर्माण पूरा होने के बाद माध्यमिक शिक्षा विभाग को भवन हैंडओवर करने के बाद तीन मार्च 2019 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कौहार में आयोजित जनसभा के दौरान मॉडल स्कूल का लोकार्पण किया था।
प्रधानमंत्री की ओर से लोकार्पण होने के बाद प्रदेश की योगी सरकार ने शैक्षिक सत्र संचालन शुरू कराने का आदेश दिया था लेकिन आयोग से शिक्षक नहीं मिल पाने से शिक्षण कार्य शुरू नहीं हो सका था। वर्तमान शैक्षिक सत्र में स्कूल का संचालन करने की कोशिश में जुटा माध्यमिक शिक्षा विभाग कक्षा नौ व 11 की कक्षाएं संचालित करने में जुटा है।
कवायद सफल हो सके इसके लिए डीआईओएस ने रघुनाथ मौर्या को प्रधानाचार्य नामित करने के साथ एक शिक्षक को संबद्ध करते हुए कक्षा नौ व 11 में प्रवेश कर ऑनलाइन शिक्षण कार्य शुरू करने का निर्देश दिया है। डीआईओएस जयकरन लाल वर्मा ने बताया कि आयोग से नियुक्ति होने तक सेवानिवृत्त शिक्षकों की मदद शिक्षण कार्य किया जाएगा। संचालन शुरू होने से गौरीगंज ब्लॉक के सैकड़ों छात्र-छात्राओं को हिंदी के साथ अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई की सुविधा मिल सकेगी।
इन पदों का हुआ सृजन
डीआईओएस ने बताया कि गौरीगंज के राघीपुर स्थितं पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज में शासन ने पद सृजन को मंजूरी दे दी है। कॉलेज में एक प्रधानाचार्य, 10 प्रवक्ता, सात सहायक अध्यापक और दो कनिष्ठ लिपिक तैनात होंगे। प्रत्येक कॉलेज में चतुर्थ श्रेणी के पांच पद आउट सोर्सिंग से भरे जाएंगे।