गौरीगंज (अमेठी)। ‘आपकी दीदी आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत केंद्रीय महिला एवं बाल विकास व वस्त्र मंत्री स्मृति ईरानी बृहस्पतिवार को संसदीय क्षेत्र के चार और गांवों में चौपाल लगाकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ग्रामीणों से रू-ब-रू हुईं। मंत्री ने न सिर्फ लोगों की समस्याएं सुनी बल्कि समाधान के लिए जिम्मेदार अधिकारियों से बात भी की।
केंद्रीय मंत्री के प्रतिनिधि विजय गुप्ता ने बताया कि चौथे दिन केंद्रीय मंत्री ने तिलोई विधानसभा क्षेत्र के गांव तिलोई ब्लॉक के भलाई कला व लोधवरिया के आरियावा, सिंहपुर ब्लॉक के धिरापुर व बहादुरपुर ब्लॉक के केसरिया सालीमपुर के लोगों से सीधी बात की। प्रशासनिक स्तर पर सीडीओ पूरे कार्यक्रम में समन्वयक की भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं।
सांसद प्रतिनिधि ने बताया कि संवाद कार्यक्रम के आयोजन में सेक्टर संयोजक के साथ ही प्रियंक हरि विजय तिवारी उर्फ धीरू, महेंद्र पांडेय, राजू सिंह, विषुव मिश्र, अंशू व शुभम को लगाया गया है। शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री गौरीगंज विधानसभा क्षेत्र के चार गांव के लोगों से सीधी बात करेंगी जिसकी तैयारी पूरी कर ली गई है।
मंत्री के निर्देश पर निस्तारित हुईं समस्याएं
जगदीशपुर (अमेठी)। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने मंगलवार को क्षेत्र के तेतारपुर और पलिया पश्चिम में सांसद चौपाल ई-सेवा के जरिए ग्रामीणों से बात की थी। ग्रामीणों की शिकायत पर सांसद ने सभी मामले में त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए थे। इस पर अमल करते हुऐ विभागीय अधिकारियों ने शिकायतों का निस्तारण कराया। अधिशाषी अभियंता विद्युत जगदीशपुर दिलीप यादव ने बताया कि तेतारपुर में बुधवार को बिजली के खंभे को बदलवाकर ढीले तार को टाइट करा दिया गया है।
बताया कि विद्यालय के छत से होकर गुजरने वाली विद्युत लाइन को भी बाहर करा दिया गया है। ग्राम प्रधान नकछेद डूबे ने स्मृति ईरानी को बधाई देते हुए कहा कि कोरोना काल में भी सांसद ने गांव की छोटी-छोटी समस्याओं पर ध्यान देकर अविलंब उसका निस्तारण करवाया। पलिया पश्चिम निवासी वीरेंद्र तिवारी ने समस्याओं का निस्तारण कराने के लिए स्मृति को बधाई दी है।