गौरीगंज (अमेठी)। सीडीओ ने वर्चुअल विधि से आवास योजना, मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन, पौधरोपण समेत अन्य संचालित विकास कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की। इस दौरान आवास निर्माण की प्रगति खराब मिलने से नाराज सीडीओ ने आठ बीडीओ को फटकार लगाते हुए तीन दिन में बाकी काम पूरा कराने का निर्देश दिया।
सीडीओ डॉ. अंकुर लाठर को समीक्षा के दौरान प्रथम, द्वितीय व तृतीय किश्त जारी होने के बावजूद पीएम आवास योजना में तिलोई, जगदीशपुर, मुसाफिरखाना, भेटुआ व भादर तथा सीएम आवास योजना में मुसाफिरखाना, बहादुरपुर, भादर, तिलोई, सिंहपुर, गौरीगंज व भेटुआ ब्लॉक की प्रगति बहुत ही खराब मिली।
इससे नाराज सीडीओ ने संबंधित बीडीओ को फटकार लगाते हुए तीन दिन के भीतर प्रगति में सुधार लाते हुए बाकी काम पूरा कराने का निर्देश दिया। बावजूद इसके प्रगति में सुधार न होने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है। आवास के बाद सीडीओ ने मनरेगा की समीक्षा की। उन्होंने पौधरोपण के लिए कार्य योजना बनाकर एक प्रति मनरेगा सेल को मुहैया कराने का निर्देश दिया।
जल शक्ति अभियान के तहत चयनित कार्यों को ससमय पूरा कराने को कहा। ऐसी ग्राम पंचायतें जहां एक भी काम नहीं हो रहा है, वहां अविलंब कार्य शुरू कराने को कहा। वित्तीय वर्ष 2020-21 के बाकी कामों को पूरा कराने के साथ ही श्रमिकों का भुगतान समय से करने का निर्देश दिया। समीक्षा बैठक में डीडीओ पीके पांडेय, पीडी आशुतोष दुबे, डीपीआरओ श्रेया मिश्रा, उपायुक्त श्रम एवं रोजगार के साथ ही सभी बीडीओ मौजूद रहे।