गौरीगंज (अमेठी)। जिले में अपराध नियंत्रण की कोशिश में जुटे एसपी ने बुधवार को पुलिस कार्यालय सभागार में सीओ व थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर बिंदुवार समीक्षा की। इसमें जिला बदर व गुंडा बनाए गए अपराधियों पर सतर्क दृष्टि रखते हुए कार्रवाई का निर्देश दिया गया। एसपी ने स्पष्ट किया कि अपराध पर अंकुश न लगाने वाले एसओ की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
पुलिस कार्यालय सभागार में बुधवार को कानून व्यवस्था की बैठक में एसपी दिनेश काफी सख्त दिखे। उन्होंने अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पाबंदी की कार्यवाई, गुंडा, जिलाबदर एवं हिस्ट्रीशीटर अपराधियों पर सतर्क दृष्टि रखने का निर्देश दिया।
महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए अभियान चलाकर अपराधियों की गिरफ्तारी करने तथा कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए ड्यूटी का निर्वहन करने को कहा।
एसपी ने साइबर सेल द्वारा साइबर क्राइम से संबंधित होने वाले अपराध व अपराध घटित होने के बाद उस पर होने वाली कार्यवाही की विस्तृत जानकारी दी। गोष्ठी में एएसपी विनोद कुमार पांडेय, अभियोजन अधिकारी के साथ ही सभी सीओ व थाना प्रभारी मौजूद रहे।