अमेठी। लोक सेवा आयोग की ओर से रविवार को जिले के 18 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित समीक्षा अधिकारी एवं सहायक समीक्षा अधिकारी की परीक्षा हुई। इसमें पंजीकृत 8064 अभ्यर्थियों में 2515 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा की ऑनलाइन निगरानी के साथ आयोग की नामित पर्यवेक्षक व जिला प्रशासन के अफसर भ्रमण कर परीक्षा का सकुशल संपन्न कराने में पूरे दिन जुटे रहे। दोनों पालियों की परीक्षा नकल विहीन व सकुशल संपन्न होने के बाद माध्यमिक शिक्षा विभाग ने राहत की सांस ली। परीक्षा देकर बाहर निकले परीक्षार्थियों ने प्रथम पाली के प्रश्नपत्र को कठिन, जबकि द्वितीय पाली के प्रश्न पत्र को सरल बताया।
परीक्षा को सकुशल संपन्न करने के लिए 10 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 32 स्टेटिक मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस फोर्स सक्रिय दिखाई पड़ी। केंद्रों के बाहर भीड़ की स्थिति न हो और जाम न लगने पाए, इसके लिए वाहनों के लिए पार्किंग का प्रबंध किया गया था। चौराहों पर अभ्यर्थियों की जानकारी देने के लिए पुलिस कर्मी तैनात किए गए। गौरीगंज जीजीआईसी स्थित मॉनीटरिंग सेल के ऑनलाइन निगरानी की गई। डीएम निशा अनंत और एसपी डॉ. इलामारन जी लगातार भ्रमण करते हुए परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते रहे।
पहला प्रश्न पत्र कठिन तो दूसरा रहा आसान
स्थानीय ब्लॉक के परसावां स्थित महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर परीक्षा देने आए अभ्यर्थी समीर त्रिपाठी ने बताया कि पहली पारी का सामान्य कॉलेज पेपर कठिन था, पेपर कॉन्सेप्ट बेस पर था, कूट रचित प्रश्नों ने ज्यादा परेशान किया।
दूसरी पाली में हिंदी का पेपर सरल से मध्यम स्तर तक का था। केंद्र पर व्यवस्था ठीक रही। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, जामो परीक्षा केंद्र पर आई अभ्यर्थी दीपिका तिवारी ने बताया कि केंद्र पर व्यवस्था ठीक रही। प्रथम पाली के प्रश्न पत्र में जीके, जीएस, करेंट अफेयर्स, रीजनिंग, मैथ के प्रश्न आए। प्रश्नों को घूमाकर पूछा गया था। ऐसे में कुछ समस्या दिखी। दूसरी पाली में हिंदी का प्रश्न पत्र बहुत अच्छा गया है। संग्रामपुर के कालिकन इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र के परीक्षार्थी रंजीत कुमार ने पैर में फैक्चर होने के बावजूद परीक्षा नहीं छोड़ी। दोनों पालियों में परीक्षा देने के बाद बाहर निकले रंजीत ने बताया कि पहली पाली का प्रश्न पत्र ज्यादा कठिन था।
दूसरी पाली का प्रश्न पत्र मध्यम रहा। परीक्षा केंद्र पर व्यवस्था ठीक रही। कक्ष तक पहुंचाने में तैनात कर्मियों का सहयोग मिला। परीक्षार्थी सोनी ने बताया कि उन्होंने काफी पहले से तैयारी की थी। दोनों प्रश्न पत्र ठीक रहे लेकिन पहले प्रश्न पत्र की अपेक्षा दूसरा प्रश्न पत्र बढ़िया गया है। टीकर माफी स्थित राजकीय इंटर कॉलेज की परीक्षार्थी रोली मिश्रा ने बताया कि परीक्षा केंद्र पर व्यवस्थाएं बेहतर रही। प्रथम पाली के प्रश्न पत्र को हल करने में कुछ कठिनाई आई लेकिन दूसरा प्रश्न पत्र बहुत ही सरल आया था। फिलहाल दोनों प्रश्न पत्र ठीक गए हैं।
गौरीगंज से पहले अमेठी पहुंचे परीक्षार्थी
जिला मुख्यालय गौरीगंज में केंद्र होने पर प्रवेश पत्र में गौरीगंज अमेठी लिखा था, ऐसे में कई परीक्षार्थी पहले अमेठी पहुंच गए, बाद मेें जानकारी करने पर भागते हुए गौरीगंज पहुंचे। अन्य कई केंद्रों पर भी इस तरह की समस्या हुई। जिससे लोगों को परेशान होना पड़ा।
शाहजहापुर में पीएचसी पर दवा को दिखाते फार्मासिस्ट अनुराग श्रीवास्तव। संवाद
शाहजहापुर में पीएचसी पर दवा को दिखाते फार्मासिस्ट अनुराग श्रीवास्तव। संवाद