अमेठी सिटी। न्यायालय के आदेश के बाद भी नगर पालिका चेयरमैन प्रत्याशी के पति पर हमले के मामले में गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह सहित अन्य आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। एसपी को निर्देशित किए जाने के बाद भी अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी और शुक्रवार को उक्त आरोपी कोर्ट में भी हाजिर नहीं हुए।
गौरीगंज पुलिस ने विधायक व अन्य आरोपियों के घर दबिश देने के बाद गिरफ्तारी नहीं हो पाने की रिपोर्ट अदालत को भेजी है। कोर्ट ने मामले में नाराजगी जाहिर करते हुए टिप्पणी की कि ऐसा लगता है कि आरोपी जानबूझकर हाजिर नहीं हो रहे हैं। स्पेशल मजिस्ट्रेट शुभम वर्मा (सुल्तानपुर) की अदालत ने दो आरोपियों के खिलाफ जमानती वारंट और विधायक सहित अन्य के खिलाफ दोबारा एनबीडब्ल्यू जारी करने का आदेश दिया है। मामले में अगली सुनवाई के लिए 22 दिसंबर की तारीख तय की गई है।
गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह समेत अन्य के खिलाफ भाजपा से तत्कालीन नपा अध्यक्ष पद की प्रत्याशी रश्मि सिंह के पति दीपक सिंह पर 10 मई 2023 को हुए हमले के आरोप से जुड़े मामले में गौरीगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले का ट्रायल एमपी-एमएलए कोर्ट में चल रहा है। अदालत ने अनुपस्थित चल रहे आरोपी विधायक और सह आरोपी उमेश प्रताप सिंह, कुलदीप, अर्पित, रणवीर, सत्यम, प्रशांत व सिम्पल के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी करते हुए एसपी अमेठी को तामिला की जिम्मेदारी सौंपी थी।
फिलहाल गौरीगंज पुलिस किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी कर पाने में सफल नहीं हो पाई है और उक्त आरोपी स्वयं भी हाजिर नहीं हुए। कोर्ट ने मामले में आरोपी अनुराग व बांके बिहारी के खिलाफ जमानती वारंट और विधायक सहित आठ आरोपियो के खिलाफ गैर जमानती वारंट दोबारा जारी करने का आदेश दिया है।