फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अमेठी पहुंचीं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कमलनाथ के बहाने कांग्रेस पर बोला करारा हमला

विज्ञापन
विज्ञापन
अमेठी। लॉकडाउन के बाद पहली बार अमेठी पहुंचीं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कमलनाथ के बहाने कांग्रेस पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कमलनाथ के बयान ने कांग्रेस का घिनौना चेहरा उजागर कर दिया है।
विज्ञापन

मंत्री ने गांधी फैमिली पर अमेठी के कौहार में सम्राट फैक्टरी के नाम पर किसानों की जमीन कब्जाने का भी आरोप मढ़ा। एक दिवसीय दौरे पर आईं स्मृति ने कलेक्ट्रेट में वर्चुअल माध्यम से कई विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करने के अलावा विभिन्न योजनाओं पर जिला प्रशासन का प्रजेंटेशन भी देखा।
एक दिवसीय दौरे पर मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र आईं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी दोपहर करीब तीन बजे कलेक्ट्रेट पहुंचीं। जहां उन्होंने सबसे पहले प्रोजेक्टर पर मनरेगा, कोविड-19, ई-चौपाल व आईजीआरएस पर जिला प्रशासन का प्रजेंटेशन देखा।
विज्ञापन

इसके बाद उन्होंने पिछले दो सालों में जिले में बनकर तैयार 41 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर व अमेठी के सरैया दुबान में निर्मित वृहद गो संरक्षण केंद्र का लोकार्पण व अमेठी के ही बेनीपुर गांव में स्थापित होने वाले प्रदेश के तीसरे व जिले के पहले कूड़ा निस्तारण संयंत्र का शिलान्यास किया। उन्होंने नारी सशक्तिकरण के क्षेत्र में अच्छा कार्य करने वाली पांच महिला ग्राम प्रधान, कई महिला पुलिस कर्मी, आश बहू व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया।



बाद में मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए स्मृति ने कहा कि मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बयान व देवरिया में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा अपनी ही पार्टी की महिला कार्यकर्ता की पिटाई ने कांग्रेस का घिनौना चेहरा उजागर कर दिया है। सीबीआई, ईडी व अन्य केंद्रीय एजेंसियों के नेताओं को परेशान करने के राहुल के बयान पर भी स्मृति ने करारा हमला बोला।
उन्होंने कहा कि अमेठी गवाह है कि राहुल गांधी, श्रीमती वाड्रा व सोनिया गांधी कौहार में किसानों की उस जमीन को कब्जा कर बैठे हैं जिस पर कभी सम्राट साइकिल की फैक्टरी थी। बार-बार कहने के बावजूद गांधी परिवार किसानों की जमीन वापस नहीं कर रहा।
केंद्रीय मंत्री के कार्यक्रम में मंगलवार को तकरीबन हर जगह सोशल डिस्टेंसिंग की जमकर धज्जी उड़ी। केंद्रीय मंत्री के कार्यक्रम में सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान न रखने की तस्वीरें दुर्गन व कालिकन भवानी के साथ ही कलेक्ट्रेट परिसर से भी सामने आईं।
सलोन से गौरीगंज जाते समय गौरीगंज देहात के मंडल अध्यक्ष ऐंठा निवासी संतोष दुबे के घर गईं और उनका हाल चाल लिया। संतोष दुबे पिछले दिनों सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे। स्मृति ने संतोष को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
आठ माह से भी ज्यादा समय के बाद नवरात्र में अपने संसदीय क्षेत्र पहुंचीं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी गौरीगंज ब्लॉक के गांव राघीपुर स्थित दुर्गन भवानी धाम व संग्रामपुर के प्रसिद्ध कालिकन धाम गईं। केंद्रीय मंत्री ने दोनों मंदिरों में मां का दर्शन करने के साथ ही विधिवत पूजन अर्चन किया। दर्शन के दौरान दोनों मंदिरों के आस पास लोगों की भारी भीड़ मौजूद रही।
कांग्रेस एमएलसी दीपक सिंह ने स्मृति के दौरे पर कई सवाल खड़े किए। दीपक ने एक वीडियो जारी कर कहा कि स्मृति का यह दौरा राजनीतिक पर्यटन से ज्यादा कुछ नहीं है। वह अपने संसदीय क्षेत्र में एक सामान्य सांसद से कम विकास कार्य करवा सकी हैं। उनके कार्यकाल में जिले में ऐसी कोई योजना नहीं आ सकी जिसका उल्लेख किया जा सके। आलम यह है कि जो सड़कें राहुल गांधी के कार्यकाल में बनीं थीं अमेठी की मौजूदा सांसद उनके गड्ढे भी नहीं भरवा पा रहीं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें