गौरीगंज(अमेठी)। जिले के परिषदीय स्कूलों में पंजीकृत 1.62 लाख में से 1.35 लाख छात्रों को बुधवार को यूनिफार्म व स्टेशनरी अनुदान का तोहफा मिलेगा। इन बच्चों के अभिभावकों के खाते में अनुदान राशि 12 सौ रुपये भेजी जाएगी। अभी 11,249 बच्चों के पास आधार कार्ड नहीं होने से अभी उन्हें इंतजार करना पड़ेगा। इसके अतिरिक्त 5,292 बच्चों का डाटा सत्यापित कर डीबीटी पोर्टल पर बैच बना लाभान्वित करने की कवायद तेज हो गई है। जिले में संचालित परिषदीय विद्यालयों में पंजीकृत बच्चों को निशुल्क पाठ्य पुस्तक व दोपहर में भोजन के साथ यूनिफॉर्म व स्टेशनरी मद में 12 सौ रुपये की अनुदान राशि दी जाती है। बच्चाें के यूनिफार्म व स्टेशनरी अनुदान के लिए बुधवार को उनके अभिभावकों के खाते में धनराशि भेजी जाएगी। इसके अतिरिक्त 5,292 बच्चों के डाटा सत्यापन की कार्रवाई पूरी कर डीबीटी पोर्टल पर बैच बनाया जा रहा है।
इसके अतिरिक्त नामांकन के बाद 11,249 बच्चे ऐसे हैं, जिनका या तो आधार कार्ड बना नहीं है और बना है तो उन्हें आधार नंबर प्राप्त नहीं हुआ है। ऐसे बच्चों को फिलहाल अभी यूनिफार्म व स्टेशनरी अनुदान का इंतजार करना पड़ेगा। फिलहाल विभाग बीआरसी पर लगातार इन बच्चों का आधार कार्ड तैयार करने की कोशिश में जुटा है। विभाग का दावा है कि भुगतान के दूसरे चरण में शतप्रतिशत बच्चों को यूनिफार्म का लाभ दिलाया जाएगा।
इनसेट
10,207 बच्चों को गत वर्ष भी नहीं मिला लाभ
विभाग की तमाम कोशिश के बावजूद 10,207 बच्चों को यूनिफार्म नहीं मिल सका। इनमें 6,484 बच्चों का आधार कार्ड तैयार करने के बाद डाटा भी सत्यापित नहीं हो सका था तो 3,722 बच्चों के पास आधार कार्ड तैयार नहीं है। फिलहाल गत शैक्षिक सत्र में बेसिक शिक्षा विभाग के अनुसार 1,86,303 बच्चों को योजना का लाभ मिला था।
ब्लॉकों पर आयोजित होंगे कार्यक्रम
यूनिफार्म व स्टेशनरी अनुदान का शुभारंभ बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोक भवन से सुबह 11:00 बजे करेंगे। बीईओ को परिषदीय व सार्वजनिक स्थान पर समारोहपूर्वक डीबीटी अंतरण कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया गया है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी सुनिश्चित करने की बात कहते हुए मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण दिखाने व सुनाने की जिम्मेदारी दी गई है।
शतप्रतिशत बच्चों को मिलेगा
1.35 लाख बच्चों के अभिभावकों के खाते में अनुदान राशि अंतरित होगी। शेष बच्चों को भी जल्द नियमानुसार सत्यापन व अन्य प्रक्रिया पूरी कर योजना से लाभान्वित किया जाएगा।
संजय तिवारी-बीएसए