अमेठी सिटी। मुंशीगंज स्थित संजय गांधी अस्पताल में स्थित लीनस ऑन्कोलॉजी इंस्टीट्यूट ने आयुष्मान भारत योजना के तहत कैंसर के मरीजों का निशुल्क इलाज शुरू किया है। शनिवार को इसकी औपचारिक शुरुआत की गई। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मरीजों को आसानी से कैंसर का उपचार मिल सकेगा।
लखनऊ आदि महानगरों को छोड़कर आसपास के जनपदों में कैंसर के इलाज की सुविधा नहीं है। मुंशीगंज के संजय गांधी अस्पताल स्थित कैंसर विभाग में स्थानीय मरीजों के साथ आसपास के जिलों के मरीजों को सुविधा मिलनी शुरू हो गई है। लीनस ऑन्कोलॉजी इंस्टीट्यूट के निदेशक डॉ. विनीत नाकरा ने बताया कि बहुत जल्द संस्थान में रेडियोथेरेपी सुविधा भी शुरू हा जाएगी। इस तकनीक के शुरू होने से मरीजों को उन्नत स्तर का कैंसर उपचार यहीं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेगा। बताया कि अब पात्र मरीजों को कीमोथेरेपी, परामर्श, सर्जरी और अन्य संबंधित सेवाएं आयुष्मान कार्ड के माध्यम से निशुल्क प्रदान की जाएंगी।
संजय गांधी अस्पताल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अवधेश शर्मा ने बताया कि कैंसर के मरीजों को उच्च गुणवत्ता वाला इलाज दिलाने का प्रयास है। स्थानीय स्तर पर मरीजों को अच्छी सुविधा मिल सके, अस्पताल प्रबंधन पूरा प्रयास कर रहा है। कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत निशुल्क इलाज शुरू होने से मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।