इंहौना (अमेठी)। क्षेत्र के कस्बा राजाफत्तेपुर में एटीएम कार्ड बदलकर 25 हजार रुपये निकालने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के पूरे ठकुराइन मजरे बहुआ गांव निवासी शिव प्रकाश ने बताया कि तीन अगस्त को वह राजाफतेपुर स्थित इंडिया वन के एटीएम से रुपया निकालने गए थे। वहां पहुंचते ही पीछे से दो अज्ञात व्यक्ति एटीएम के पास आ गए। पीड़ित ने रुपये निकालने के लिए पिन नंबर मशीन में डाला। एटीएम से रुपये नहीं निकले। इसी बीच वहां मौजूद दोनों शातिरों ने उसका एटीएम कार्ड बदल लिया।
पैसा नहीं मिलने पर एटीएम से लौट आया। तभी मोबाइल पर नौ-नौ हजार दो बार और तीसरी बार में सात हजार रुपए निकलने का मैसेज आया। इसके बाद उसने बैंक पहुंच जानकारी। बैंक के सीसीटीवी कैमरे में दोनों शातिर कैद हुए हैं। एसओ अमरेंद्र सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है।