जगदीशपुर में गोमती नदी पर निर्माणाधीन पीपा पुल। -संवाद
जगदीशपुर। गोमती नदी पर चार पीपा पुलों पर आवागमन अगले सप्ताह शुरू होने की उम्मीद है। दंडेश्वरनाथ धाम, नांदी, पनही और पिछूती में निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। इन पुलों के शुरू होने से नदी पार बसे खासकर अयोध्या व बाराबंकी के गांवों के हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
अब उन्हें नदी पार बसे गांवों तक जाने के लिए 15 से 20 किलोमीटर अतिरिक्त चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। बरसात में गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने पर जून में अस्थायी पुलों को हटा दिया गया था। अब पानी घटने के बाद लोक निर्माण विभाग ने इनके पुनः संचालन की तैयारी शुरू कर दी है। 1.49 करोड़ की लागत से बन रहे ये चारों पुल अमेठी से अयोध्या, बाराबंकी और सुल्तानपुर की राह आसान करेंगे।
पुल बनने से समय और ईंधन दोनों की बचत होगी। जहां अभी लोगों को 15 से 20 किलोमीटर घूमकर जाना पड़ता है, वहीं पुल चालू होने के बाद यह दूरी घटकर महज एक से दो किलोमीटर रह जाएगी।
पुलों पर आवागमन शुरू होने से किसानों और व्यापारियों को सीधा लाभ मिलेगा। किसान आसानी से उपज खेतों से घर तक ला सकेंगे। ग्रामीण पड़ोसी जिले की बाजारों में कारोबार कर सकेंगे। लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड के अवर अभियंता अनिल वर्मा ने बताया कि शासन ने 18 सितंबर को पुल निर्माण के लिए स्वीकृति दी थी। सभी पुल मानक के अनुरूप बनाए जा रहे हैं। अगले सप्ताह तक सभी पुलों पर आवागमन शुरू हो जाएगा।