इन्हौनार। सेमरौता गांव में 19 वर्षीय शिखा की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। पिता ने चार लोगों पर बेटी की हत्या कर शव फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है। बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग करते हुए अंतिम संस्कार करने से इन्कार कर दिया। खबर लिखे जाने तक परिजन अपनी मांग पर अड़े थे।
पिता सतीश कुमार का आरोप है कि मोबाइल पर बातचीत समेत अन्य विवादों को लेकर नाराज चार लोगों ने उनकी बेटी की हत्या कर दी। साक्ष्य छिपाने के लिए शव को फंदे से लटका दिया। घटना के समय शिखा घर में अकेली थी। पिता ने इस संबंध में पुलिस को तहरीर दी है। उनका कहना है कि अब तक आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। शव घर पहुंचने पर परिजन आक्रोशित हो गए और गिरफ्तारी होने तक अंतिम संस्कार न करने की बात कही।
क्षेत्राधिकारी दिनेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। परिजन आत्महत्या के लिए उत्प्रेरित करने का आरोप लगा रहे हैं। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आंगन में फंदे से लटका मिला था शव
सेमरौता निवासी शिखा का बुधवार शाम घर के आंगन में साड़ी के फंदे से लटका शव मिला था। पिता सतीश कुमार गैस सिलिंडर लेने एजेंसी गए थे और मां मालती खेत में काम करने गई थीं। घर लौटने पर मां ने बेटी को फंदे से लटका देखा। शोर सुनकर जुटे ग्रामीणों ने उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।