अमेठी। परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में डिपो को चार नई बसें मिली हैं। रविवार रात बसों को बेड़े में शामिल किया गया, जिससे यात्रियों के लिए सफर अधिक सुगम होने की उम्मीद बढ़ी है। नई बसें मिलने से ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंच बेहतर बनाने की तैयारी तेज हो गई है।
डिपो में पहले निगम की 69 बसें और तीन अनुबंधित बसें संचालित थीं। अब चार नई बसों के शामिल होने से निगम की बसों की संख्या बढ़कर 73 हो गई है। इससे संचालन क्षमता में वृद्धि हुई है और व्यस्त मार्गों पर दबाव कम करने में मदद मिलेगी। फिलहाल कई प्रमुख मार्गों पर सीधी सेवा उपलब्ध नहीं है, जिससे यात्रियों को बीच में साधन बदलना पड़ता है।
नए रूट तय करने की प्रक्रिया जारी है और जल्द ही इन बसों को विभिन्न मार्गों पर संचालित किया जाएगा। योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे ब्लॉक मुख्यालय, प्रमुख बाजार और अस्पताल तक सीधी पहुंच आसान होगी। एआरएम काशी प्रसाद ने बताया कि नई बसों का संचालन चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जाएगा। इससे लोगों की आवाजाही सरल होगी और निजी वाहनों पर निर्भरता घटेगी। कम किराये में बेहतर सुविधा मिलने से यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।