अमेठी सिटी। लोकसभा चुनाव की ड्यूटी से भाग रहे कर्मचारियों को बीमारी व अन्य आपात स्थिति में ही अवकाश दिया जाएगा। बीमार कर्मचारियों की जांच के लिए चुनाव आयोग की ओर से मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया है। जिसमें बुधवार और बृहस्पतिवार को कुल 49 कर्मचारी मेडिकल बोर्ड के सामने पेश हुए। मेडिकल बोर्ड के गठन में जिला अस्पताल के चार चिकित्सकों को शामिल किया गया है।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बद्रीप्रसाद अग्रवाल ने बताया कि मेडिकल बोर्ड में डॉ. अमित यादव, डॉ. हनुमान प्रसाद, डॉ. काजल साहू व डॉ. कुमुद सिंह को शामिल किया गया है। बृहस्पतिवार को पहले दिन कुल 19 कर्मचारी बोर्ड के सामने पेश हुए वहीं बृहस्पतिवार को कुल 30 कर्मचारियों ने जांच कराई। अस्पताल से पर्चा बनवाने के बाद कमरा नंबर नौ में बीमारी, जांच रिपोर्ट आदि दिखानी पड़ रही है। कई लोग चलने-फिरने में भी असमर्थ हैं, वह परिजनों के साथ अस्पताल पहुंचे। मेडिकल बोर्ड ने गहन जांच के बाद करीब 10 लोगों का ही अवकाश स्वीकृत किया है।
शुक्रवार को भी कर्मचारी अपनी जांच करवा सकते हैं। जिला विकास अधिकारी तेजभान सिंह ने बताया कि मेडिकल बोर्ड की संस्तुति के आधार पर ही चुनाव से अवकाश मिल सकेगा।