अमेठी सिटी। गौरीगंज के वार्ड नंबर 18 माधवपुर निवासी व्यापारी प्रेमनाथ मौर्य से शनिवार को विसुरा गांव के पास स्कूटी सवार चार लोगों ने लूटपाट की। सीसीटीवी और सर्विलांस की मदद से पहचान होने पर रविवार को पुलिस ने चारों बाल अपचारियों को निगरानी में लिया। पूछताछ में सभी ने शौक पूरा करने के लिए वारदात अंजाम देने की बात स्वीकार की।
प्रेमनाथ ने बताया कि वह गौरीगंज में फ्रिज, एसी और वॉशिंग मशीन की मरम्मत करते हैं। शनिवार को वह संभावा गांव में फ्रिज ठीक करने के लिए बाइक से जा रहे थे। विसुरा गांव के पास सुनसान स्थान पर स्कूटी सवार चार लोगों ने सड़क पर वाहन खड़ा कर उनकी बाइक रोक ली। आरोपियों ने मोबाइल फोन और बाइक की टंकी पर रखा टूलबैग छीन लिया। बैग में आधार कार्ड, 350 रुपये, एम्पीयर मीटर, प्लास, पेंचकस, रेती, गेज मीटर, एक्सटेंशन बोर्ड समेत मरम्मत का सामान रखा था।
क्षेत्राधिकारी अखिलेश वर्मा ने बताया कि स्वाट टीम प्रभारी अनूप सिंह और इंस्पेक्टर अरुण कुमार मिश्र ने जांच की। सड़क किनारे लगे सीसीटीवी कैमरों में चार लोग पीड़ित का पीछा करते दिखे। इसके आधार पर सर्विलांस सेल की मदद से पहचान सुनिश्चित हुई। जांच में चारों के बाल अपचारी होने की पुष्टि हुई।
रविवार को पुलिस ने उन्हें निगरानी में लेकर पूछताछ की। उनकी निशानदेही पर लूटा मोबाइल, टूलबैग, आधार कार्ड, नकदी और अन्य उपकरण बरामद हुए। उन्हें बाल न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें बाल सुधार गृह भेज दिया गया।