अमेठी सिटी। पुलिस ने अंतरजनपदीय चार तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चार गोवंशों को मुक्त कराया है। आरोपी पशुओं को बेहोशी का इंजेक्शन लगाकर उन्हें वाहनों में ठूंसते थे। दो आरोपी सुल्तानपुर, एक मिर्जापुर और एक अमेठी का रहने वाला है। सभी को जेल भेज दिया गया है।
गोवंश तस्करी की सूचना पर पुलिस ने सोमवार तड़के मुंशीगंज थाना क्षेत्र के लठहापुर तिराहा के पास वाहनों की जांच शुरू की। इस दौरान एक पिकअप में ठूंसे हुए चार गोवंश मिले। वाहन सवार सुल्तानपुर जिले के चटिया हसनपुर निवासी दिलशाद खान, भीटी कला गांव निवासी उसमान अली उर्फ लल्लन, मिर्जापुर जिले के ढेबरा निवासी रवीश व अमेठी के गौरीगंज निवासी रामभवन यादव को गिरफ्तार कर लिया गया।
दिलशाद के पास से दवा भरी एक शीशी व दो सिरिंज बरामद हुए, जिसका प्रयोग वह पशुओं को बेहोश करने के लिए करता था। पुलिस के मुताबिक रवीश पर चार, उसमान पर दो व दिलशाद पर एक मुकदमा पहले से दर्ज है। आरोपियों के पास से मिली पिकअप वाराणसी के बावतपुर बड़ेगांव निवासी तरुण पटेल की है।
टीम में ये रहे शामिल
दरोगा प्रेमचंद गौतम, सुरेशचंद यादव, संजय सिंह, स्वाट टीम प्रभारी अनूप कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल संजय मिश्र, धीरेंद्र कुमार, स्वाट टीम के आलोक सिंह, शिव प्रकाश मौर्या, सर्विलांस टीम के पवनेश यादव, मुंशीगंज के धर्मेंद्र कुमार, आलोक यादव, मनीष कुमार, अवधेश कुमार, अजीत सिंह, बृजेश सिंह भी शामिल रहे।