संग्रामपुर। क्षेत्र के जरौटा, सहजीपुर और विशेषरगंज बाजार में रविवार दोपहर अलग-अलग सड़क हादसों में कालिकन धाम के पुजारी श्री महाराज समेत चार लोग घायल हो गए। सभी को अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें एक की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पहली घटना जरौटा गांव के पास हुई। यहां अनियंत्रित कार की चपेट में बाइक आ गई। हादसे में बाइक सवार कालिकन धाम के पुजारी श्री महाराज और बाइक चला रहे उनके शिष्य मनीष निवासी सोइया घायल हो गए। लोगों की मदद से दोनों को अमेठी कस्बे के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया।
दूसरी घटना सहजीपुर रेलवे फाटक के पास हुई। प्रतापगढ़ जिले के गोये कंधईपुर निवासी शैलेंद्र तिवारी (39) ठेंगहा से घर जा रहे थे। उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई, जिससे वह घायल हो गए। लोगों ने एंबुलेंस की मदद से उन्हें सीएचसी संग्रामपुर पहुंचाया। चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शैलेंद्र ने हेलमेट नहीं पहना था। गिरने से उनके सिर में चोट आई।
तीसरी घटना विशेषरगंज बाजार में हुई। संग्रामपुर निवासी धीरेन्द्र पाल (29) पुत्र कमलेश कुमार अपनी बाइक लेकर खड़े थे। तभी सामने से आ रही एक अन्य बाइक उनकी खड़ी बाइक से टकरा गई। हादसे में धीरेन्द्र घायल हो गए। उन्हें सीएचसी संग्रामपुर पहुंचाया गया। उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें घर भेज दिया।