अमेठी। दिल्ली से जिले के विभिन्न गांवों में पहुंचे पांच लोगों को रैपिड रिस्पांस टीमों ने सोमवार देर शाम उनके घरों से लाकर तिलोई स्थित रेफरल अस्पताल में क्वारंटीन किया है। सभी का सैंपल जांच के लिए एसजीपीजीआई भेजा है।
कोरोना वायरस की रोकथाम में लगा जिला प्रशासन कोई चूक नहीं कर रहा है। निजामुद्दीन के मरकज की घटना के बाद जिला व पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। मरकज में शामिल व निजामुद्दीन के आसपास रहने वाले ऐसे लोगों की लोकेशन सर्विलांस सेल से भी ली जा रही है।
एलआईयू ने सोमवार शाम जिला व पुलिस प्रशासन को निजामुद्दीन के आसपास की लोकेशन में रहने वाले पांच लोगों के जिले में मौजूद होने की सूचना दी। एलआईयू की रिपोर्ट मिलने के बाद सक्रिय जिलाधिकारी अरुण कुमार ने स्वास्थ्य विभाग को इनकी सूची उपलब्ध कराते हुए तत्काल उन्हें क्वारंटीन कराने का निर्देश दिया।
डीएम के आदेश पर सक्रिय स्वास्थ्य विभाग की अलग-अलग टीमें अमेठी व भादर ब्लॉक से एक-एक तो तिलोई ब्लॉक के एक ही गांव के तीन व्यक्तियों के घर पहुंचीं। टीमें सभी को उनके घर से लेकर तिलोई स्थित रेफरल अस्पताल पहुंचीं।
यहां सभी का सैंपल लेकर सोमवार रात ही जांच के लिए एसजीपीजीआई लखनऊ भेज दिया गया। घरों से लाए गए सभी लोगों को रेफरल अस्पताल में क्वारंटीन कर दिया गया है। डीएम अरुण कुमार ने पांच सैंपल जांच के लिए भेजे जाने की पुष्टि की है।