गौरीगंज (अमेठी)। रविवार को कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद सोमवार को आरआर (रैपिड रिस्पांस) टीम गांव पहुंची। जांच के दौरान उसके संपर्क में आए पांच लोगों के अलावा तीन अन्य लक्षण वाले मरीजों का सैंपल लिया गया। ऐसे मरीजों को निशुल्क दवाएं भी मुहैया कराई गईं।
भेटुआ ब्लॉक क्षेत्र के सरैया गांव निवासी महिला कई दिनों से बुखार से पीड़ित थी। शनिवार को वह इलाज कराने सीएचसी पहुंची। कोविड का लक्षण देख चिकित्सक ने उसका सैंपल लेकर उपचार करते हुए दवा दी थी। रविवार को सैंपल की जांच रिपोर्ट आई तो महिला पॉजिटिव निकली। रिपोर्ट मिलते ही सीएचसी से स्टाफ भेजकर उसकी तबीयत का आंकलन कराते हुए दवा दी गई थी।
सोमवार को ब्लॉक स्तरीय आरआर टीम गांव पहुंचकर निकट के संपर्क को खंगालना शुरू किया। इस दौरान पांच लोग उसके संपर्क में पाए गए। आसपास के घरों का सर्वे करने के दौरान तीन लोग और सर्दी जुकाम व बुखार से पीड़ित मिले। काउंसलिंग के दौरान उनमें कोरोना का लक्षण मिला। टीम ने सभी आठ लोगों की सैंपलिंग करते हुए उनको रिपोर्ट आने तक सामाजिक दूरी बनाते हुए अपने घर में क्वारंटीन रहने को कहा।
टीम ने इन सभी को दवा भी मुहैया कराई। इसके अलावा मोहल्ले के लोगों को कोरोना से बचाव व उपचार की विधि बताई। कहा गया कि अपने घरों के आसपास साफ-सफाई रखें। तीन दिन से ज्यादा समय तक बुखार रहे तो तत्काल सरकारी अस्पताल में जाकर इलाज कराएं। ऐसी स्थिति में सामाजिक दूरी का पालन अनिवार्य रूप से करें।
सीएमओ विमलेंदु शेखर ने बताया कि पॉजिटिव आई महिला की स्थिति सामान्य है। संपर्क में रहे व लक्षण वालों की सैंपलिंग कराई गई है। सीएचसी स्टाफ उस परिवार के संपर्क में रहेगा। किसी की तबीयत बिगडने पर तत्काल उनके उपचार की अन्य व्यवस्था की जाएगी।