अमेठी। थानाक्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर 24 घंटे में हुए सड़क हादसों में पांच लोग घायल हो गए। एंबुलेंस कर्मियों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां दो की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
सोमवार की देरशाम अमेठी गौरीगंज मार्ग स्थित देवी पाटन के समीप तिलोई निवासी अनमोल (24), संग्रामपुर के गांव खौपुर निवासी अजय (25) की बाइक और बिराहिमपुर निवासी धर्मेंद्र (45) की बाइक की टक्कर हो गई। घटना में तीनों घायल हो गए। दूसरी घटना में थाना क्षेत्र संग्रामपुर के गांव पूरे भूलई निवासी महादेव यादव (18) भी सोमवार देर शाम बाइक से सड़क हादसे में घायल हो गए।
तीसरी घटना में कोतवाली क्षेत्र के गांव अहिरावल निवासी राम फेर की पत्नी रामदुलारी (50) अपने आठ वर्षीय नाती शानू को लेकर मंगलवार दोपहर बाद ई रिक्शा से शहर से घर जा रही थी। रास्ते में देवीपाटन के समीप ई रिक्शा अनियंत्रित हो गया। ई-रिक्शा के पलटने से रामदुलारी को गंभीर चोटें आई तो वहीं सानू को भी मामूली चोटे आई हैं।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंचे एंबुलेंस कर्मियों की मदद से घायलों को सीएचसी ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद अनमोल और अजय की हालत गंभीर देख उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।