अमेठी। पुलिस ने सोशल डिस्टेंसिंग का नियम तोड़ कर समूह बनाकर टहल रहे पांच लोगों को पकड़ा है। लॉकडाउन फेज-3 में जिला प्रशासन ने मास्क व बचाव सामग्री का प्रयोग कर लोगों का आवश्यक कार्य से बाहर निकलने की छूट देते हुए सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन करने का निर्देश दिया है।
इसके बावजूद बेवजह समूह में लोगों के घूमने की सूचना पर अमेठी पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए लोगों की पहचान संग्रामपुर थाने के ठेगहा गांव निवासी रमेश कुमार, राकेश कुमार व मोनू तिवारी अमेठी थाने के रामनगर निवासी विष्णु पांडेय तथा अंबरपुर गांव निवासी महेश के रूप में हुई।
केस दर्ज करने के बाद पुलिस ने सभी को दोबारा अनावश्यक घर से बाहर निकलने की चेतावनी देते हुए परिवारीजनों के सुपुर्द कर दिया। सीओ पीयूष कांत राय ने बताया कि लॉकडाउन नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।