अमेठी सिटी। जगदीशपुर पुलिस ने शनिवार को जल निगम रोड पालपुर गांव में दो मकानों से पांच लाख रुपये के पटाखे बरामद किए। अवैध भंडारण में दो लोगों को जेल भेजा गया।
सीओ मुसाफिरखाना अतुल सिंह ने बताया कि जल निगम रोड स्थित मकान में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण किए जाने की सूचना मिली थी। इस पर इंस्पेक्टर धीरेंद्र यादव ने टीम के साथ छापा मारा। मौके से मोहम्मद कयूम निवासी पालपुर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके घर से 22 बंडल पटाखे, 25 पैकेट रॉकेट बम, 224 छोटे अनार, 100 बिजली ब्रांड पटाखा समेत कई प्रकार के पटाखे बरामद किए।
इसके बाद पुलिस ने जामों के हरगांव गांव निवासी मोहम्मद तौफीक के पालपुर स्थित मकान में छापा मारा। वहां से भी भारी मात्रा में पटाखे बरामद किए गए हैं। दोनों से पटाखा बिक्री और भंडारण का लाइसेंस मांगा गया तो वे कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने बरामद सामग्री को जब्त कर दोनों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए।