गौरीगंज (अमेठी)। थाना क्षेत्र मुंशीगंज के कसरावा गांव के कोटेदार को रविवार देर रात रंजिश में गोली मार दी। गोली कोटेदार के पैर में लगी जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज करते हुए गांव में एहतियातन फोर्स तैनात की है।
थाना क्षेत्र मुंशीगंज के गांव कसरांवा निवासी मुख्तार व रामलाल के बीच पिछले कुछ दिनों से रंजिश चल रही है। 14 मई को दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी जिसमें पुलिस ने दोनों ओर से केस दर्ज करते हुए चार्जशीट भी दाखिल कर दी है। रविवार देर रात मुख्तार को रामलाल के पुत्र पवन आदि ने मौका पाकर गोली मार दी। गोली पैर में लगी और वह जमीन पर गिर पड़ा।
उसके जमीन पर गिरते ही हमलावर मौके से भाग निकले। सूचना मिलते ही कोतवाल मनोज कुमार सोनकर तथा सीओ अर्पित कपूर मौके पर पहुंच गए और घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे सुल्तानपुर तथा सुल्तानपुर से ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
सीओ ने बताया कि पवन, सुरेश व धीरज उर्फ विराट के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया गया है। कहा कि गांव में एहतियातन पुलिस फोर्स तैनात की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गठित टीमें संभावित स्थलों पर छापे मार रही हैं।